- Hindi News
- पहुंचने लगे पशुपालक, कहा, ‘नहीं दिख रही पहले जैसी रौनक’
पहुंचने लगे पशुपालक, कहा, ‘नहीं दिख रही पहले जैसी रौनक’
नागौर$ श्री रामदेव पशु मेले का झंडारोहण होने में तीन दिन बचे हैं। मेले को लेकर उत्साहित पशुपालक मेला मैदान में पहुंच रहे हैं। सोमवार को नागौरी बैल, ऊंट, घोड़े लेकर पशुपालक यहां पहुंचे। ज्यादातर किसानों का कहना था कि इस बार पहले जैसी रौनक नहीं दिख रही है। देश भर में नागौर के इस पशु मेले की ख्याति है। लेकिन पिछले तीन सालों से मेले को लेकर लोगों का रुझान लगातार घट रहा है।
कुचामन से घोड़े लेकर आए एक पशुपालक ने कहा कि पहले तो दस दिन पहले ही बड़ी संख्या में पशुपालक आ जाते थे। उसने मारवाड़ी लहजे में कहा, ‘मेळो अबै पैलां जेड़ो कोनी रह्यो। मैदान भी छोटो होतो जा रह्यो है।’ उसके साथ ही कुछ अन्य पशु पालकों का कहना था कि तीन साल से छोटे बछड़ों की खरीद पर लगी रोक ने इस मेले की कमर ही तोड़ दी है। सोमवार को मेला मैदान में शेरानी आबाद के पशुपालक ऊंट के कई जोड़े लेकर पहुंचे। कुचामन के पशुपालक दो घोड़े लेकर आए। उन्होंनें कहा कि मेले में रौनक बढ़ी तो और घोड़े भी लेकर आएंगे। डीडवाना, जायल सहित आसपास के क्षेत्र के लोग नागौरी बैल लेकर पहुंचे हैं।
आज होगी चौकियों की स्थापना
पशुपालन विभाग ने मेले में चौकियां लगाने की तैयारियां सोमवार को पूरी कर ली। इसके लिए अलग-अलग विभागों व विंग के लिए तंबू लगाए हैं। मंगलवार को चौकियों की स्थापना होगी।