एसपी के निर्देश हवा हुए
मकराना. बेतरतीब ढंग से खड़े टैंपो, हाथ ठेले व अन्य वाहनों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक द्वारा कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश हवा होते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि मकराना में मुख्य सड़क मार्ग सहित बाजारों में बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण जाम लगना आम बात हो गई है। गत दिनों पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण गौड़ के मकराना आगमन के दौरान सीएलजी व शांति समिति के सदस्यों द्वारा यह बात प्रमुखता से उठाई गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस प्रशासन को ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए थे। दूसरी तरफ यातायात पुलिस द्वारा मकराना में कुछ जगहों पर खाना पूर्ति के नाम कार्रवाई कर महज औपचारिकता बरती। इस बात से जहां एक ओर आमजन बार बार लगने वाले जाम से परेशान है वहीं दूसरी ओर यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के हौंसले बढ़ते नजर आ रहे हैं। भाजपा नेता गिरधर पलोड ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाते हुए सड़क पर खड़े करने वाले हाथ ठेले, बाइक चालक, टैंपो चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।