- Hindi News
- खाड़ी देशों में फंसे लोगों के लिए विशेष सेल पर होगा विचार : युनूस
खाड़ी देशों में फंसे लोगों के लिए विशेष सेल पर होगा विचार : युनूस
भास्कर न्यूज - नागौर
खाड़ी व अन्य देशों में मजदूरों के विदेश में फंसने के मुद्दे पर राज्य के सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान ने कहा है कि सरकार इस संबंध में संवेदनशील है। ऐसी समस्याओं को दूर करने के लिए सरकार लगातार उन देशों के दूतावासों के संपर्क में है। केबिनेट मंत्री ने कहा कि एक ऐसी सेल खोले जाने पर विचार किया जा रहा है जिसमें ऐसे लोगों की शिकायतें दर्ज हो सकें। रविवार को सर्किट हाउस में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सरकार युवा, महिला, किसान तथा व्यापारियों सहित हर वर्ग की समस्याओं को लेकर संवेदनशील है। समस्याओं के निराकरण के लिए अभाव-अभियोग के चार-चार स्तर तय किए गए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं भी जन शिकायतें सुनती हैं। अधिकारियों को भी नियमित जन सुनवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है। सार्वजनिक निर्माण मंत्री ने कहा कि सऊदी अरब व अन्य खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों के बारे में दैनिक भास्कर ने समाचारों का प्रकाशन कर ध्यान आकर्षित किया है, यह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राजस्थान ही नहीं, अपितु देश के कई राज्यों के लोग खाड़ी देशों में काम कर रहे हैं। उनकी समस्या और उनके हालचाल के बारे में उनके परिजनों व देश की अवाम तक जानकारियां पहुंचाना अच्छा काम है। उन्होंने इसके लिए दैनिक भास्कर की सराहना की।
खान ने कहा कि किसान इस देश की रीढ़ हैं। किसानों की हर समस्या को सुलझाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से संकल्पित है। किसान हमारे हैं और हम किसान के हैं। यहां गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के बाद रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में केबिनेट मंत्री खान ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, युवा, गरीब, व्यापारी सभी वर्गों के प्रति संवेदनशील है। चार स्तर पर जनता के अभाव अभियोग सुने जा रहे हैं। नागौर में चल रहे किसानों के धरने के मुद्दे पर केबिनेट मंत्री ने कहा कि किसानों की हर समस्या सुलझाने के लिए हम हर समय तत्पर हैं। किसान अपनी समस्या बताने के लिए आमंत्रित हैं। नागौर कलेक्टर से भी कहा गया है कि वे किसान वर्ग की समस्या को तत्काल निपटाएं। बिजली, पानी, खनन से संबंधित हर समस्या का कानून के दायरे में रहकर और किसानों की प्राथमिकता को देखते हुए निस्तारण किया जाएगा। केबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि नई सरकार आई है, धरने की बजाय पहले सरकार से बात करनी चाहिए। सरकार हर समस्या का समाधान करने के लिए कटिबद्ध है। आज देश विकास की ओर बढ़ रहा है। किसान के विकास से ही देश का विकास होगा। यह बात सब लोग भली भांति जानते हैं।