- Hindi News
- किसान हमारे और हम किसानों के हैं : युनुस खान
किसान हमारे और हम किसानों के हैं : युनुस खान
नागौर. सार्वजनिक निर्माण मंत्री युनूस खान ने कहा कि किसान इस देश की रीढ़ हैं। किसानों की हर समस्या को सुलझाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह से संकल्पित है। किसानों के लिए सरकार के दरवाजे हर समय खुले हैं। किसान हमारे हैं और हम किसान के हैं। यहां गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेने के बाद रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में केबिनेट मंत्री खान ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, युवा, गरीब, व्यापारी सभी वर्गों के प्रति संवेदनशील है। चार स्तर पर जनता के अभाव अभियोग सुने जा रहे हैं। नागौर में चल रहे किसानों के धरने के मुद्दे पर केबिनेट मंत्री ने कहा कि किसानों की हर समस्या सुलझाने के लिए हम हर समय तत्पर हैं। किसान अपनी समस्या बताने के लिए आमंत्रित हैं। नागौर कलेक्टर से भी कहा गया है कि वे किसान वर्ग की समस्या को तत्काल निपटाएं। बिजली, पानी, खनन से संबंधित हर समस्या का कानून के दायरे में रहकर और किसानों की प्राथमिकता को देखते हुए निस्तारण किया जाएगा। केबिनेट मंत्री ने यह भी कहा कि नई सरकार आई है, धरने की बजाय पहले सरकार से बात करनी चाहिए। सरकार हर समस्या का समाधान करने के लिए कटिबद्ध है। आज देश विकास की ओर बढ़ रहा है। किसान के विकास से ही देश का विकास होगा। यह बात सब लोग भली भांति जानते हैं।
सुनी लोगों की समस्याएं, लोग पहुंचे स्वागत करने भी
सानिवि मंत्री युनूस खान ने जनता की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर ही निपटारा किया। केबिनेट मंत्री के स्वागत में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं समेत आमजन की भीड़ उमड़ी। यहां सर्किट हाउस में सार्वजनिक निर्माण मंत्री खान का जिला प्रमुख बिंदू चौधरी, अखिल भारतीय वीर तेजा जन्मस्थली संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्जुनराम मेहरिया, भाजपा जिला महामंत्री जगबीर छाबा, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री सरोज प्रजापत, भाजयुमो नेता रमाकांत शर्मा, मूंडवा ब्लॉक महामंत्री महावीर सांदू, अल्पसंख्यक कर्मचारी संघ के नेता साबिर अली बेहलिम, मदरसा हन्फिया सूफिया सदर शरीफ कुरैशी, कोषाध्यक्ष नौशाद खां, दरगाह अहमद अली बाबा के सचिव मंजूर मिस्त्री, शादमान, हबीब खान फिज़ां, अरशद अली आदि ने फूल माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर नागौर विधायक हबीबुर्रहमान का भी माला पहनाकर स्वागत किया गया। केबिनेट मंत्री के साथ आए बेगसर सरपंच जीवण खां, भाजयुमो अल्पसंख्यक ग्रामीण मंडल डीडवाना के अध्यक्ष अली खां, अल्पसंख्यक मोर्चा शहर मंडल डीडवाना के अध्यक्ष नासिर कुरैशी, फूले खां हाथी खानी लाडनूं, सूरजमल बालिया का भी स्वागत किया गया।