ट्रक-जीप भिड़त में दस लोगों की मौत
भास्कर न्यूज - कुचामन सिटी ((नागौर))
शहर के मेगा हाइवे पर पलाड़ा प्याऊ के समीप सोमवार शाम करीब पांच बजे ट्रक व कमांडर जीप में हुई जोरदार भिड़त में दस लोगों की मौत हो गई। इनमें दो महिला, छह पुरुष व दो बच्चे शामिल रहे। हादसा इतना खतरनाक था कि टक्कर के बाद कमांडर जीप के परखच्चे उड़ गए और जीप पूरी तरह से बिखर गई। प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण मेगा हाइवे पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव व ओवरलोड वाहनों की बढ़ती संख्या को माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार कमांडर जीप कुचामन से नावां की तरफ जा रही थी जबकि ट्रक कुचामन की ओर आ रहा था। भिड़ंत इतनी तेज थी कि कमांडर जीप के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना की सूचना मिलने पर शहर पुलिस ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त जीप को जेसीबी की सहायता से तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए राजकीय अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलने पर कुचामन सीओ विमल सिंह नेहरा व शहर एसएचओ प्रकाश चंद्र मीणा घटना स्थल पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर विधायक विजय सिंह चौधरी, पूर्व विधायक हरीश चंद्र कुमावत, एसडीएम नावां सत्यवीर यादव राजकीय अस्पताल पहुंचे। जीप निजी थी, जिसमें अलग-अलग स्थानों के लिए सवारियां कुचामन से सवार हुई थीं। जीप में बारह सवारियां बताई जा रही हैं। तहसीलदार बाबू लाल जाट ने बताया कि हादसे में जीप में सवार आठ लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उपचार के दौरान कुचामन व अजमेर के अस्पताल में एक-एक घायल ने दम तोड़ दिया। इसमें जीप चालक मांगलोदी निवासी सत्यनारायण उर्फ सन्नी पुत्र आईदान राम, नावां निवासी रामू राम पुत्र नंदा राम, गणेशी देवी पत्नी राजू राम, बनवारी पुत्र रामू राम कुमावत, भंवर लाल पुत्र गणपत लाल माली, गुढ़ा साल्ट निवासी कालू राम पुत्र रामू राम माली, सुजानगढ़ निवासी सुनील पुत्र छगन लाल खटीक के शव की शिनाख्त हो पाई है। घायलों में सुजानगढ़ निवासी महेन्द्र पुत्र ओम प्रकाश खटीक की पहचान हो पाई है। खबर लिखे जाने तक तीन शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।
((पेज १७ भी पढ़ें))
अस्पताल रोड व अस्पताल परिसर में लगी भीड़
हादसे के बाद उपचार के लिए घायलों को जैसे ही राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ में शामिल लोग किसी अनिष्ट की आशंका के चलते आस-पास के लोगों से पूछताछ करते दिखे। अस्पताल रोड पर भी वाहनों का भारी जमावड़ा लग गया। इसके चलते पुलिस को सिपाही तैनात कर ट्रैफिक को लुहारिया बास वाले सड़क मार्ग की ओर से डायवर्ट करना पड़ा। मेगा हाइवे पर हुए हादसे के बाद शहर में हादसे की जानकारी चाहने वालों को सटीक जानकारी नहीं मिल पाने के चलते अस्पताल रोड, अस्पताल परिसर, घटना स्थल आदि क्षेत्रों में अफवाह की स्थिति बन गई।
मेगा हाइवे पर जाम की स्थिति
ट्रक व कमांडर जीप भिड़ंत के बाद मेगा हाइवे पर जाम की स्थिति बन गई और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के दोनों और वाहनों की कतारें लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने वाहनों को कतारबद्ध करवाकर आवागमन फिर से सुगम करवाया।
ट्रैफिक दबाव से बढ़ रहे हादसे
शहर से गुजर रहे मेगा हाइवे पर दिनो-दिन ट्रैफिक दबाव बढ़ता जा रहा है। ऐसे में डीडवाना रोड तिराहा, बूड़सू रोड चौराहा व त्रिसंगिया मोड़ से नारायणपुरा तिराहे तक अत्यधिक ट्रेफिक दबाव रहने से वाहन दुर्घटनाओं की संख्या में खास इजाफा हो रहा है। ऐसे में अनधिकृत रूप से चलने वाले वाहनों में अधिक से अधिक सवारियां बिठाने की होड़ के चलते भी कई बार हादसे हो चुके हैं।