पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • उजड़ गए कई परिवार, गम में बही आंसुओं की धारा

उजड़ गए कई परिवार, गम में बही आंसुओं की धारा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - नागौर/कुचामन सिटी
तीन साल की गरिमा और उसकी बड़ी बहन चार साल की कंचन ने तो अभी दुनिया ठीक से ही नहीं देखी थी। जिस मां ((नारायणी)) के आंचल में वे पल रही थीं, उस मां को छोड़ दोनों मासूम दुनिया से विदा हो चली। मां जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। सुजानगढ़ का सुनील कुमार खटीक अपने परिचित महेंद्र खटीक के साथ जिस कमांडर जीप में सवार हुआ था वह उसका अंतिम सफर साबित हुआ। बताया जाता है कि हादसे में मरने वाले रामू राम व गणेशी देवी रिश्तेदार थे, वे भी साथ साथ दुनिया से विदा हो गए। एक दो नहीं, बल्कि 10 लोगों की जिंदगी का सफर एक साथ एक ही रास्ते पर खत्म हो गया। जरा सी चूक थी या नियति को यह मंजूर था? इसका जवाब किसी के पास नहीं। मगर जो हादसा हुआ वह जिंदगी भर इन पीडि़त परिवारों के गमों की भरपाई नहीं कर पाएगा।
दस में सात मरने वाले नावां के
इस हादसे में 10 लोगों की मौत हुई । मरने वालों में सात जने नावां क्षेत्र के हैं। इनमें नावां के टीकम चंद माली की पुत्रियां चार साल की कंचन और तीन साल की गरिमा माली, सुजानगढ़ के छगनलाल खटीक का 22 साल का बेटा सुनील कुमार खटीक, गुढ़ा साल्ट का कालूराम ((25)) पुत्र रामू राम माली, नावां का भंवरलाल ((30)) पुत्र गणपत लाल माली, बनवारी ((30)) पुत्र राजू राम, रामू राम ((50)) पुत्र नंदाराम, गणेशी ((30)) पत्नी राजू राम, उलाणा निवासी छोटी देवी ((30)) पत्नी मालाराम गुर्जर व जीप चालक मांगलोदी निवासी सत्यनारायण उर्फ सन्नी ((38))पुत्र अर्जुनराम शामिल हैं।
ये दो हैं घायल
सुजानगढ़ का महेंद्र पुत्र ओमप्रकाश खटीक व एक अन्य महिला इस हादसे में घायल हुए। नावां के टीकम चंद माली की पत्नी नारायणी देवी ((25)) भी गंभीर घायल हुई हैं। इनका अजमेर में उपचार चल रहा है।
मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार व घायलों को 20-20 हजार की सहायता
हादसे के बाद कलेक्टर डॉ. वीणा प्रधान कुचामन पहुंची। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस हादसे से अवगत कराया गया है। मृतकों के परिवारों को 50-50 हजार रुपए व घायलों को 20-20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा कलेक्टर ने की। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जाएगी। उन्होंने सीधे कुचामन अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि पीडि़त परिवारों को सहायता राशि जल्द से जल्द दी जाएगी।