ओपन स्कूल की पुस्तकों का वितरण शुरू
नागौर. राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की उच्च माध्यमिक व माध्यमिक स्तर के नवीन पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए पुस्तकों का वितरण प्रारंभ हो गया है। यह पुस्तकें कांकरिया स्कूल में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक प्राप्त की जा सकती हैं। ओपन स्कूल के समन्वयक व विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि ओपन स्कूल की पुस्तकें व अक्टूबर व नवंबर में आयोजित ओपन स्कूल परीक्षा की अंक तालिकाएं स्कूल के कमरा नंबर 12 से प्राप्त की जा सकती हैं।
- - -
सांवरा सेठ मंदिर का वार्षिकोत्सव कल
नागौर. सांवरा सेठ मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा व वार्षिकोत्सव कार्यक्रम 29 जनवरी को आयोजित होगा। मंदिर के पुजारी पप्पू महाराज ने बताया कि बुधवार को सुबह विशेष पूजा अर्चना होगी। शाम को भजन गायक कलाकार राजू राजस्थानी व पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
- - -
मदरसा शिक्षा सहयोगी संघ ने दिया ज्ञापन
नागौर. राजस्थान मदरसा शिक्षा सहयोगी संघ ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सार्वजनिक निर्माण मंत्री को नागौर आगमन पर सौंपा। संघ के जिला अध्यक्ष मो. इमरान ने बताया कि राजस्थान मदरसा बोर्ड को संवैधानिक दर्जा दिलाने की मांग को लेकर संघ के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन में मदरसा शिक्षा सहयोगियों को नियमित करने, उर्दू शिक्षा के संबंध में बजट में की गई घोषणाओं का पालन कराने, शिक्षा सहयोगियों का वेतन बढ़ाने, पीएफ, सीपीएफ, बीमा कराने, नव नियुक्त शिक्षा सहयोगियों का मानदेय खाते में जमा कराने की मांग भी की गई है।
- - -
एनआरएचएम कार्मिकों ने सौंपा ज्ञापन
नागौर. राजस्थान एनआरएचएम प्रबंधकीय कार्मिक समस्या समाधान समिति ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सार्वजनिक निर्माण मंत्री को सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने संविदा कार्मिकों के 9407 पदों की भर्ती में दस्तावेज सत्यापन एवं 10,20 व 30 बोनस अंकों के आधार पर भर्ती करने या समायोजित कराए जाने की मांग की है।
- - -
महानरेगा कार्मिकों का सामूहिक अवकाश आज
नागौर. महानरेगा प्रदेश संघ के आह्वान पर जिले के महानरेगा कार्मिकों ने 28 जनवरी को सामूहिक अवकाश पर रहने का निर्णय किया है। ब्लॉक अध्यक्ष दीनाराम चौधरी ने बताया कि महानरेगा कार्मिक कार्यानुभव व शैक्षणिक आधार पर नियमित व समायोजित करने की मांग को लेकर एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देंगे।
मारवाड़ मूंडवा. पंचायत समिति मुख्यालय पर कार्यरत मनरेगा कर्मचारी एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। खुर्शीद आलम ने बताया कि महानरेगा प्रदेश संघ के आह्वान पर 28 जनवरी को सभी कर्मचारी ज्ञापन देने के लिए एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
- - -
स्थाई वारंटी गिरफ्तार
नागौर. सदर थाना पुलिस ने सोमवार को जुए के मामले में कई वर्षों से फरार स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी गीता बिश्नोई ने बताया कि फूलपुरा बासनी निवासी अल्लाह बख्श उर्फ भतीज वर्ष 2008 से जुए के एक मामले में फरार था। उसे घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। दबिश देने वाली टीम में थानाधिकारी सहित सिपाही मकबूल खान व जगदीश राम शामिल थे।