- Hindi News
- सड़क हादसे में टैक्सी चालक की मौत, ट्रक चालक का सुराग नहीं
सड़क हादसे में टैक्सी चालक की मौत, ट्रक चालक का सुराग नहीं
नागौर. मूंडवा चौराहे के पास एक होटल के सामने मंगलवार को टैक्सी चालक को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे टैक्सी पलट गई। उसके चालक की म़ृत्यु हो गई। टैक्सी चालक के पिता ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला कोतवाली थाने में दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार नकास गेट निवासी बाल भारती गोस्वामी ने रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र महेश गोस्वामी स्कूल के बच्चों को स्कूल छोड़ कर सुबह 8.30 बजे वापस आ रहा था। मूंडवा चौराहे के पास पीछे से आ रहे अज्ञात ट्रक चालक ने लापरवाही से उसकी टैक्सी को टक्कर मार दी। टैक्सी पलटने से महेश गंभीर घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने 108 को फोन कर बुलाया। घायल महेश को राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। परिजनों को सूचित करने पर वे भी अस्पताल पहुंचे। उपचार के दौरान महेश की म़ृत्यु हो गई। जवान बेटे की मौत के कारण पूरा परिवार सदमे में आ गया। आसपास के लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाया। हादसे के कारण महेश के मां बाप की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे थे। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।