पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • इधर लोगों ने की ब्रेकर बनाने की मांग

इधर लोगों ने की ब्रेकर बनाने की मांग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कुचामन सिटी
मेगा हाइवे पर पलाड़ा प्याऊ के समीप ट्रक व जीप भिडं़त में मरने वाले सभी दस जनों के शव मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए गए। दुर्घटना के बाद चिकित्सालय पहुंचे मृतकों के परिजनों ने सारी रात चिकित्सालय में ही गुजारी।
सुबह पोस्टमार्टम के समय चिकित्सालय का माहौल काफी गमगीन रहा। इस बीच मृतकों के परिजन अपने प्रियजनों के शव घर ले गए। दुर्घटना में घायल सुजानगढ़ निवासी महेन्द्र पुत्र ओमप्रकाश खटीक का अजमेर में उपचार किया जा रहा है। नावां निवासी नारायणी देवी को अजमेर से जयपुर भेजने के समाचार मिले हैं।
शहर के समीप हुई दिल को दहला देने वाली दुर्घटना के बाद स्थिति का जायजा लेने पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण गौड़ सोमवार की रात लगभग ग्यारह बजे कुचामन पहुंचे। उन्होंने चिकित्सालय में मृतकों के परिजनों से मिल कर सांत्वना जताई। उन्होंने दुर्घटना में मारे गए सभी लोगों के प्रति संवेदना जताई। सुबह जल्दी ही पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द करने का आश्वासन दिया। लगभग आधे घंटे तक चिकित्सालय में रुके एसपी गौड़ को चिकित्सालय प्रमुख ने स्थिति से अवगत करवाया।
ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
इस संबंध में नावां निवासी कानाराम पुत्र नंदाराम कुमावत की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया। चालक घटना के बाद भाग गया था। इस बीच मंगलवार को दुर्घटना स्थल पलाड़ा प्याऊ के समीप के निवासियों ने यहां ब्रेकर बनाने तथा आवागमन के लिए सिटी बस चलाने की मांग करते हुए थानाधिकारी को ज्ञापन दिया। उल्लेखनीय है कि कुचामन से समीपवर्ती गांवों व प्रमुख कस्बों के लिए प्रतिदिन ऐसी टैक्सियों का नियमित रूप से संचालन होता है। पुलिस की जानकारी में होते हुए भी इस पर अंकुश नहीं लगाया जा सका है। ऐसे में वर्षों से इन टैक्सियों का संचालन कर रहे लोगों द्वारा कुचामन-नावां, कुचामन-मकराना व कुचामन-डीडवाना पर यूनियन बनाकर इस कार्य को विधिवत रूप से अंजाम दिया जा रहा है। बस स्टैंड पर सिनेमा हॉल के समीप से नावां व मकराना के लिए एक के बाद एक बाकायदा नंबर से जीपें सवारियां लेकर रवाना होती हैं। रोडवेज बुकिंग के पीछे से डीडवाना के लिए जीपें रवाना होती हैं। प्राप्त जानकारी के नावां यूनियन में 40 व मकराना यूनियन में 15 टैक्सियों का रजिस्ट्रेशन किया हुआ है। इसके साथ ही पदमपुरा, टोरड़ा, लिचाना, खारिया, भांवता के लिए भी ऑटो व टैक्सियां चलाई जा रही हैं। मेगा हाइवे पर कई बार दुर्घटना होने के बाद भी सवारियों को इन वाहनों में ढोने का यह खेल चल रहा है।