पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पुलिस ने पकड़ा घी से भरा ट्रक, फूड इंस्पेक्टर को नमूने लेने में भी आए पसीने

पुलिस ने पकड़ा घी से भरा ट्रक, फूड इंस्पेक्टर को नमूने लेने में भी आए पसीने

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - नागौर
सदर थाना पुलिस ने सोमवार देर रात कार्रवाई करते हुए सिंगड़ के पास एक ट्रक जब्त किया तो उसमें घी के 165 टीन मिले। घी कहीं नकली न हो, इस शक के चलते सदर थाने की पुलिस ट्रक को थाने ले आई। यहां कानूनी पेचीदगियों व खाद्य निरीक्षकों की भूमिका को जरूरी मानते हुए फूड इंस्पेक्टर को सैंपल लेने बुलाया गया तो इंस्पेक्टर ना नुकुर करने लग गया। दिनभर की खींचतान के बाद आखिरकार शाम को फूड इंस्पेक्टर घी के सैंपल लेने को राजी हुआ।
थानाधिकारी गीता बिश्नोई ने बताया कि एसपी लक्ष्मण गौड़ के निर्देशानुसार कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर देर रात तक पुलिस संबंधित जगह के आस पास गश्त लगाती रही। रात दो बजे बीकानेर रोड पर सिंगड़ फांटे पर घी व अन्य सामग्री से भरे एक मिनी ट्रक को पकड़ा गया।
पुलिस को इसमें 121 टीन विजेता मार्का व 45 डिब्बे मक्खन बेस्ट मार्का घी के मिले। संदेह होने पर पुलिस ट्रक को थाने ले आई। मंगलवार को दिनभर पुलिस और फूड अधिकारियों के बीच इसके सैंपल लेने को लेकर असमंजस बना रहा। घी के अलावा इसमें सुपारियों से भरे बोरों सहित कुछ किराणे का सामान भी था। ट्रक जोधपुर जा रहा था।
ट्रक बीकानेर निवासी दीपक मूंदड़ा के नाम है।
इसे गुसाईंसर निवासी रमेश ब्राह्मण चला रहा था। ट्रक में भरे घी के सैंपल लेने की बात को लेकर पुलिस व फूड इंस्पेक्टर अनिल शर्मा के बीच काफी समय तक खींचतान होती रही। चालक के पास सामान की रसीद थी। घी के सैंपल को लेकर पहले तो फूड इंस्पेक्टर ने मामला पुलिस पर डाल दिया। देर शाम थाने के एएसआई गोविंद सिंह ने पुष्टि कर बताया कि फूड इंस्पेक्टर अनिल शर्मा ने सैंपल लेकर जांच के लिए लेबोरेट्री में भेज दिए। फिलहाल घी से भरा ट्रक थाने में ही खड़ा है।