नागौर जन कल्याण समिति का गठन
नागौर. नेहरू पार्क में मंगलवार को स्थानीय लोगों ने सामाजिक कार्यकर्ता रामेश्वर लाल आर्य की अध्यक्षता में एक बैठक की। इसमें
शहर में व्याप्त विभिन्न समस्याओं का समाधान कराने के लिए एक संगठन ‘नागौर जन कल्याण समिति’ का गठन किया गया। समिति के अध्यक्ष पद पर सुभाष जांगिड़ व उपाध्यक्ष विमल सोनी को नियुक्त किया गया।
कंप्यूटर कक्ष का किया उदघाटन
नागौर. मारुत नंदन शारदा बाल निकेतन प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को भारत माता पूजन कार्यक्रम व कंप्यूटर कक्ष का उदघाटन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य उम्मेद राज शर्मा ने बताया कि भारत माता पूजन कार्यक्रम वासुदेव प्रजापति, कृपाराम सोलंकी, भीखमचंद शर्मा व बनवारी लाल अग्रवाल के आतिथ्य में शुरू हुआ। इसमें स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। अतिथि कृपाराम सोलंकी ने विद्यालय को दो कंप्यूटर, बनवारीलाल व हनुमानराम ने एक एक कंप्यूटर विद्यालय को देने की बात कही।
एनएसयूआई का हस्ताक्षर अभियान शुरू
नागौर. एनएसयूआई द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाया जा रहा हस्ताक्षर अभियान मंगलवार से बीआर मिर्धा महाविद्यालय में प्रारंभ हुआ। जिलाध्यक्ष हनुमानराम बांगड़ा ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ महाविद्यालय के विद्यार्थियों से हस्ताक्षर कराए जाएंगे। अभियान के तहत 29 जनवरी को भी विद्यार्थी हस्ताक्षर करेंगे। 30 जनवरी को भूख हड़ताल व 31 जनवरी को संघ के कार्यकर्ता सांसद से मिलेंगे। अभियान के दौरान महाविद्यालय के पूर्व उपाध्यक्ष जावेद गौरी, जिला महासचिव अभिषेक भाटी, ताराचंद आदि उपस्थित थे।