- Hindi News
- सुरक्षा को लेकर दोहरे मापदंड, रेलवे ट्रैक के समीप सीवरेज के लिए खुदाई !
सुरक्षा को लेकर दोहरे मापदंड, रेलवे ट्रैक के समीप सीवरेज के लिए खुदाई !
मकराना. मार्बल नगरी मकराना में रेलवे ने एक ओर तो रेलवे ट्रैक से पैंतालीस मीटर दूर की मार्बल खानों को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बंद करवा रखा है वहीं दूसरी ओर सामरिक महत्व के मकराना-मेड़ता रेल मार्ग से महज पांच से दस फीट की दूरी पर ही पटरियों के समानांतर लगभग दो सौ मीटर की लंबाई में तीस से चालीस फीट गहरी खुदाई कर दी गई है। यह खुदाई रेलवे भूमि में से होकर सीवरेज लाइन डालने के लिए की जा रही है जिसकी परमिशन रेलवे ने नगर परिषद को लगभग दो करोड़ रुपए लेकर दी है। यह एरिया रेवंत डूंगरी खानों के पास है।
रेल पटरियों के उत्तर में रेलवे पोल संख्या 66 के करीब से होते हुए लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबाई में खुदाई की जानी है। खुदाई एरिया में रेवंत डूंगरी मार्बल रेंज आई हुई है। इन बेशकीमती मार्बल चट्टानों को सीवरेज ठेकेदार भारी भरकम मशीनें, वायर शॉ कट आदि लगाकर बाहर निकलवा रहा है। इनके स्थान पर भीतर सीवरेज के पाइप फिट किए जा रहे हैं। इस रेल मार्ग पर दिन रात सवारी, एक्सप्रेस, सुपर फास्ट ट्रेनों व मालगाडिय़ों का आवागमन रहता है। गाडिय़ों के आवागमन के समय खुदाई क्षेत्र के पास कोई रेलवे कर्मचारी मौजूद नहीं रहता। सुरक्षा इंतजामों की उल्लंघन इस कदर हो रहा है कि सीवरेज के पाइप डालने के दौरान रेलवे महकमा ट्रेनों के लिए नो कॉशन देना और न ही ब्लॉक लेना उचित समझ रहा है।