पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिए जिलों को निर्देश, सर्वे से जानेंगे मतदान की उपयोगिता

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिए जिलों को निर्देश, सर्वे से जानेंगे मतदान की उपयोगिता

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - नागौर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक जैन ने राज्य के सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मतदाताओं की निर्वाचन से जुड़ी समझ एवं धारणा को परखने के लिए ‘एंड लाइन’ सर्वे पूरी गुणवत्ता व तय समय सीमा में पूरा किया जाए। इस सर्वे से प्राप्त होने वाले परिणामों का उपयोग लोकसभा चुनाव से पहले ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को जागरूक करने में किया जाएगा। हाल के विधानसभा चुनाव से पहले भी इस प्रकार का सर्वे कराया था, जिसका लाभ मतदान का प्रतिशत बढ़ाने में मिला।
जैन ने मंगलवार को शासन सचिवालय जयपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उप जिला निर्वाचन अधिकारियों से एंड लाइन सर्वे के संबंध में चर्चा की। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य में वर्ष 2013 के विधानसभा आम चुनावों को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं के सामान्य ज्ञान, आचरण, व्यवहार एवं विभिन्न बिंदुओं पर एंड लाइन सर्वे आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय के माध्यम से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कार्य सभी जिलों में ईमानदारी से किया जाए। संपूर्ण सूचनाएं मतदाताओं की भावनाओं के अनुरूप हों। इस सर्वे में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से कुल पोलिंग बूथों में से दस पोलिंग बूथों का चयन रेंडम सैंपलिंग से किया जाएगा। प्रत्येक चयनित पोलिंग बूथ पर पंजीकृत सूची में से 10-10 मतदाताओं का चयन रेंडम सैंपलिंग के आधार पर किया जाएगा। राज्य के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में से 20 हजार मतदाताओं का रैंडम चयन किया जाएगा। उनसे निर्वाचन आयोग से प्राप्त प्रश्नावली में वर्णित बिन्दुओं की संपूर्ण सूचनाएं प्राप्त की जाएंगी। प्रश्नावली प्रगणक भरेंगे। इसके निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण का कार्य संबंधित सहायक या उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी एवं निदेशालय मुख्यालय में कार्यरत कार्मिकों के माध्यम से किया जाएगा। प्रगणकों और सुपर वाइजरों की नियुक्ति 29 जनवरी तक कर दी जाएगी। इन्हें जिला स्तर पर 31 जनवरी तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के तुरंत बाद सर्वे 1 फरवरी से 13 फरवरी तक किया जाएगा।