हैडकांस्टेबल के साथ मारपीट
मेड़ता रोड. हैड कांस्टेबल के साथ मारपीट करने पर पुलिस ने तीन जनों के विरुद्ध राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मेड़ता रोड थाने के रेण चौकी प्रभारी बाबूलाल मर्ग मामले की जांच करने रेण के निकट घटनास्थल पर गए। वहां पर लोगों से पूछताछ कर रहे थे, तब आरोपी रेण निवासी रफीक, सद्धीक, रईस बाइक पर आए गाली गलौच करते हुए मारपीट करने लगे। थानाधिकारी संपत सिंह राजावत ने बताया कि हैडकांस्टेबल की रिपोर्ट दर्ज पर पुलिस ने रईस ((22)) को गिरफ्तार किया है।
सिर कटी लाश की नहीं सुलझी गुत्थी
मेड़ता रोड. दो वर्ष पूर्व सिकंदराबाद से बीकानेर जाने वाली साप्ताहिक ट्रेन के आरक्षित कोच में अज्ञात व्यक्ति की सिर, हाथ व पैर कटी लाश बैग में मिली थी। आज दिन तक शव की शिनाख्त व आरोपियों का सुराग लगाने में जीआरपी नाकाम रही है। गौरतलब है कि सिकंदराबाद से बीकानेर जाने वाली ट्रेन 27 जनवरी 2012 को एक बजे मेड़ता रोड स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर पहुंची। ठहराव के बाद ज्योंही ट्रेन यहां से रवाना होने पर यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को खड़ी करते हुए हल्ला मचाया कि यहां एक लावारिश बैग पड़ा है। सूचना पर कोच संख्या एस 9 के सीट संख्या 65-72 के मध्य एक बैग को खोला तो उसमें से बदबू आ रही थी। और प्लास्टिक की बड़ी थैली में लाश दिखाई दी। उसे बाहर निकाला तो शव के न पैर थे और न ही सिर। घटना के चार दिन बाद मारवाड़ जंक्शन के यार्ड में दो हाथ, एक पैर भी मिला था।