चाकू से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - मेड़ता रोड
गोटन रेलवे स्टेशन पर चाकू से वार कर एक व्यक्ति को घायल करने के आरोपी को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी अनोप सिंह के अनुसार मंगलवार को स्टेशन पर धारदार चाकू से वार कर मौके से फरार आरोपी को जीआरपी द्वारा गठित की गई अलग अलग टीमों ने रेलवे स्टेशनों पर जांच करते हुए बुधवार दोपहर को आरोपी गोविंदगढ़ अलवर निवासी विष्णु को सांभर रेलवे स्टेशन पर अलवर की तरफ जाने वाली ट्रेन के इंतजार में छिप कर बैठे को जीआरपी कांस्टेबल पूनाराम व पप्पूराम ने गिरफ्तार लिया। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय मे पेश किया जाएगा।
ट्रैक्टर की ट्रॉली पलटने से मजदूर घायल
पादूकलां. गांव थाट में तालाब से मिट्टी लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर के पलटने से ट्रॉली में बैठा मजदूर ओम डारा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों के सहयोग से घायल को पादूकलां के राजकीय आचार्य तुलसी अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने से परिजनों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। उपचार में देरी होते देख परिजन व चिकित्साकर्मियों में हल्की नोक झोंक भी हुई। कंपाउंडर व नर्स ने प्राथमिक उपचार देकर घायल को अजमेर रैफर किया।