फ्लोराइड की समस्या से ग्रामीण परेशान
दयालपुरा. दयालपुरा ग्राम पंचायत का गांव पुरोहिता का बास दो तहसील, दो विधानसभा क्षेत्र, तीन थानों और दो जिलों में बंटा होने के कारण ग्रामीण अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। नागौर और सीकर की सीमा पर बसा गांव दो जिलों में बंटा होने से वर्तमान में एक गांव के दो-दो नाम राजस्व में हैं लेकिन नागौर जिले के अंतर्गत पडऩे वाला क्षेत्र तेजपुरा राजस्व गांव आज भी ग्राम पंचायत दयालपुरा से सड़क मार्ग से नहीं जुड़ सका है। एक गांव दो जिलों में आने के कारण इससे संबद्ध दोनों सरपंचों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। फिर भी सीकर जिले के ढहर का बास ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा 10 किलोमीटर की दूरी पर होने के बावजूद भी एक ट्यूबवैल और खुरा का निर्माण करवाया गया। दो विधानसभा क्षेत्रों में बंटा होने के बावजूद विधायक इस गांव की सुध लेने नहीं आते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव व आस पास के क्षेत्र के लोग फ्लोराइडयुक्त पानी पीने को मजबूर हैं। इसी प्रकार गांव का क्षेत्र तीन थानों में बंटा होने के कारण ग्रामीणों के समक्ष अपराध होने पर रिपोर्ट लिखवाने में भी समस्या का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से समस्या समाधान की मांग की है।