डॉक्टर नहीं मिलने से मरीज परेशान
भास्कर न्यूज - पादूकलां
कस्बे के आस-पास के करीब बीस-पच्चीस गांवों के लोग पादूकलां अस्पताल में इलाज करवाने के लिए आते हैं। दूर से आए मरीजों को कई बार डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने पर मजबूरन उन्हें निजी अस्पतालों व डॉक्टरों को दिखाने रियां, मेड़ता जाना पड़ता है।
गौरतलब है कि अस्पताल में डॉक्टर की दो पोस्ट हंै। एक लेडी डॉक्टर भी नियुक्त है। उनके छुट्टी पर चले जाने पर अस्पताल कंपाउंडरों के भरोसे चलता है। पादूकलां कस्बा बीकानेर अजमेर राजमार्ग 89 पर होने के कारण कई बार बड़ी दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। ग्रामीणों ने बार बार अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों को यहां डॉक्टर लगाने की गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।