मारपीट का मामला दर्ज
नागौर. चाऊ गांव के एक व्यक्ति ने खेत में घुसकर पत्नी के साथ मारपीट करने व मोबाइल चुराने के आरोप में गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ श्रीबालाजी थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार भंवर नाथ पुत्र बन्ना नाथ सिद्ध ने रिपोर्ट दी कि गांव के ही दुलानाथ ने उसके खेत में घुसकर पत्नी के साथ मारपीट की व मोबाइल चुराकर ले गया।
- - -
पुलिस ने किए एक दर्जन वाहनों के चालान
नागौर. शहर में लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को करीब एक दर्जन वाहन चालकों के चालान किए गए। ट्रैफिक प्रभारी शिवलाल विश्नोई ने बताया कि बुधवार को कलेक्ट्रेट चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस ने 12 चालान काटे गए। तीन वाहनों को सीज किया गया। एक जने को शराब पीकर वाहन चलाते गिरफ्तार भी किया गया है। विश्नोई ने बताया कि जितेन्द्र सिंह शराब पीकर वाहन चला रहा था।
- - -
शांति भंग के आरोप में दो लोग गिरफ्तार
नागौर. भावण्डा पुलिस ने क्षेत्र के सेनणी गांव में दबिश देकर लड़ाई-झगड़ा कर शांति भंग करते दो जनों को गिरफ्तार कर उपखंड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। दोनों को जमानती मुचलकों पर पाबंद कर रिहा कर दिया गया। थाने के मुख्य आरक्षी असगर खान ने भागीरथ जाट व जयराम जाट को झगड़ा करते गिरफ्तार किया था।
- - -
चोर ले गए बिजली के तार
नागौर. मूंडवा थाना क्षेत्र के ग्राम कड़लू के निकट बीती रात अज्ञात चोर आठ बिजली के खंभों से तार काट कर ले गए। डिस्कॉम की कनिष्ठ अभियंता नेहा रावत ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।