पेयजल के लिए भटकने को मजबूर
मकराना - शहर के देशवाली कॉलोनी स्थित केशरिया कंवर जी महाराज के मंदिर वाली गली में पिछले दो माह से पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। इस वजह से यहां के निवासियों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। मोहल्लेवासी मोहम्मद आरिफ चौधरी ने बताया कि पेयजल की सप्लाई नहीं होने से स्थानीय महिलाओं को दर दर भटकते हुए पेयजल के लिए तरसना पड़ रहा है। उक्त समस्या को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को अवगत करवाया जा चुका है। इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। विभाग द्वारा समय रहते पेयजल समस्या का समाधान नही किया तो मजबूरन धरना प्रदर्शन करना पड़ेगा।
बोरावड़ - मकराना की ओर से बोरावड़ की तरफ के सड़क मार्ग पर जगह जगह लीकेज होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कस्बे के छापर कॉलोनी के पंप हाउस तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था तथा शास्त्री कॉलोनी की ओर इसी पाइप लाइन से पेयजल सप्लाई जुड़ी है। ग्रामीणों ने बताया कि बोरावड़ के पम्प हाउस तक तथा कॉलोनियों ग्राम में पेयजल पाइप लाइन लीकेजों से समुचित रूप से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। पेयजल समस्या के चलते महंगे दामों से पानी के टैंकर मंगवाकर पानी पीना पड़ रहा है। इस संबंध में विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों को कई बार अवगत कराए जाने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। दीपचंद माली, शंकर लाल, विमल शास्त्री, आशु राम माली, नानूराम आदि ने बताया कि एक तो क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति पूरी नहीं होती है तथा इसके साथ ही लीकेज के कारण कोढ़ में खाज वाली स्थिति पैदा हो जाती है। सहायक व अधिशासी अभियंता जलदाय विभाग के गोपीचंद वर्मा ने बताया कि एक दो दिन में सभी लीकेजों को ठीक करवा दिया जाएगा।