नगर पालिका उपचुनाव कार्यक्रम घोषित
भास्कर न्यूज - नागौर
राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को नगर पालिका उप चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी। आयोग ने 30 नवंबर 2013 तक रिक्त पदों पर उप चुनाव के लिए यह कार्यक्रम घोषित किया है। इसके तहत सीकर नगर परिषद के अध्यक्ष पद एवं 12 जिलों की 15 नगर पालिकाओं के 17 वार्डों के सदस्यों के उप चुनाव कराए जाएंगे। नागौर जिले में लाडनूं नगर पालिका के रिक्त वार्ड संख्या 26 के लिए उप चुनाव कराए जाएंगे। कार्यक्रम के अनुसार लोक सूचना जारी करने की तारीख 30 जनवरी, नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि तीन फरवरी सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर तीन बजे तक, नामांकन पत्रों की संवीक्षा चार फरवरी, अभ्यर्थिता वापस लेने की तारीख छह फरवरी, चुनाव चिह्नों का आवंटन सात फरवरी है। मतदान 14 फरवरी को व मतगणना 17 फरवरी को होगी। चुनावी कार्यक्रम करने के साथ ही आदर्श आचार संहिता संबंधित नगर पालिका के निर्वाचन क्षेत्र में लागू हो गई है।