श्री रामदेव पशु मेले का आगाज आज से
ञ्चकलेक्टर करेंगी झंडारोहण
भास्कर न्यूज - नागौर
ख्याति प्राप्त रामदेव पशु मेले का आगाज शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे से झंडारोहण के साथ होगा। झंडारोहण जिला कलेक्टर डॉ. वीना प्रधान करेगी। पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. दिनेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता एसपी लक्ष्मण गौड़ करेंगे।
विशिष्ट अतिथि सभापति बिरदीचंद सांखला होंगे। झंडारोहण समारोह को लेकर पशुपालन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार शाम नगर परिषद के सफाई कार्मिकों ने मेला स्थल पर सफाई की। झंडारोहण स्थल पर टेंट लगाया गया। गुरुवार शाम तक करीब 900 पशुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया। मेले में पहुंचने वाले पशुओं में नागौरी बैल की संख्या सबसे अधिक है। मेले की शुरुआत होने के साथ ही शुक्रवार से पशुओं की खरीद फरोख्त भी शुरू हो जाएगी। पशुपालन विभाग मेले में आने वाले पशुओं की गिनती भी शुरू करेगा। मेले के लिए सफेद चिट्ठी दो फरवरी से दी जाएगी। हाइवे की दूसरी तरफ बने हुए तीन हौज में से एक में पानी नहीं होने के कारण गुरुवार दिन में पशुपालकों को समस्या हुई। पशुपालकों को दूर जाकर हौदों से पानी लाना पड़ा। पशुपालकों की शिकायत पर विभाग ने जलदाय विभाग को सूचित कर हौज भरवा दिया।