पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सात दिन के बाद घायल युवक की जोधपुर में मौत

सात दिन के बाद घायल युवक की जोधपुर में मौत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बडू
पिछले माह यहां एक विवाह समारोह में बारात में मारपीट में घायल बडू के युवक ने गुरुवार को जोधपुर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस बारे में सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जोधपुर अस्पताल में मौत के बाद इस युवक के साले पवन कुमार ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के ओमप्रकाश व कन्हैयालाल ने उससे मारपीट की थी। इसके चलते वह घायल हो गया था। पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका बहनोई बडू निवासी जगदीश पुत्र रामेश्वर लाल शर्मा जोधपुर में एक निजी ट्रेवल कंपनी में काम करता है। छह दिसंबर को जोधपुर से आई एक बारात में वह भी साथ आया था। उसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते ओमप्रकाश पुत्र बालचंद और कन्हैया पुत्र ओम प्रकाश सोनी ने उसके साथ मारपीट कर दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे जोधपुर और वहां से अहमदाबाद ले गए। वहां से वापस जोधपुर लाए और मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया था। गुरुवार को जोधपुर में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सात दिन पूर्व उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। जोधपुर अस्पताल में कालवा ((मकराना)) निवासी पवन कुमार ने बताया कि उसके बहनोई जगदीश पर लाठियों से जानलेवा हमला किया गया था जिससे उसको गंभीर चोटें आई थी। सोने की चेन को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ बताते हैं। गुरुवार को जैसे ही जगदीश की मौत की खबर बडू पहुंची, गांव में शोक छा गया। परिजनों ने
दूसरे प्रदेश में रहने वाले उसके भाई मोहनलाल और श्याम सुंदर को सूचना दी। वे भी बडू पहुंचे। गच्छीपुरा थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि मथुरादास माथुर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस मामले में पहले कोई रिपोर्ट नहीं आई थी, अब अचानक केस सामने आया है। मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। बडू में मिली सूचना के अनुसार जगदीश का शव जोधपुर से रवाना कर दिया जो देर रात बडू पहुंचने की उम्मीद है। पूरे मामले की हकीकत का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।