- Hindi News
- सूखा दिवस पर शराब बेचते दो गिरफ्तार, शराब जब्त
सूखा दिवस पर शराब बेचते दो गिरफ्तार, शराब जब्त
भास्कर न्यूज - नागौर
कोतवाली व सदर थाना पुलिस ने एसपी लक्ष्मण गौड़ के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के दौरान गुरुवार को सूखा दिवस पर शराब बेच रहे दो लोगों को अलग-अलग जगह से गिरफ्तार किया। दोनों के पास से देशी व अंग्रेजी शराब बरामद हुई। एएसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि गुरुवार को सूखा दिवस के मौके पर शराब बेचने की सूचना मिली थी। इस पर कोतवाली थानाधिकारी नगाराम चौधरी को बासनी रोड व सदर थानाधिकारी गीता बिश्नोई को चूंटीसरा में दबिश देने भेजा। कोतवाली पुलिस ने संगम होटल में दबिश देकर बाड़ी कुआं निवासी सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर उसके पास से 57 बोतल अंग्रेजी शराब व 46 बीयर बरामद की। सदर पुलिस ने चूंटीसरा गांव में दबिश देकर शराब बेच रहे गिरवर सिंह को गिरफ्तार कर 29 पव्वे देशी ढोला मारू शराब, पांच बोतल बीयर व 10 अंग्रेजी शराब के पव्वे जब्त किए। पिछले कई दिनों से अवैध रूप से शराब बेचने वाले लोगों पर सदर व कोतवाली पुलिस की कार्रवाई लगातार चल रही है। गुरुवार को ड्राई डे होने के बावजूद ये लोग शराब बेच रहे थे। इसकी सूचना एएसपी डॉ. शिवरान को मुखबिर से मिल गई। एएसपी ने दोनों ही थानों की पुलिस को अलग-अलग जगह दबिश देने के आदेश दिए। दो जगह से पुलिस को शराब मिली।
मुखबिर से मिली सूचना
॥जिले में अवैध शराब कारोबार को खत्म करने की कवायद के तहत कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब का कारोबार छोटे ढाबों व होटलों से ही फैलता है। मुखबिर से मिल रही सूचनाओं पर कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब माफियाओं पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।’’
-डॉ. प्यारेलाल शिवरान, एएसपी-नागौर