- Hindi News
- पत्रकारिता साहस, जोखिम व चुनौती का कार्य : पचौरी
पत्रकारिता साहस, जोखिम व चुनौती का कार्य : पचौरी
भास्कर न्यूजक्चबालोतरा
डीआरजे राजकीय कन्या कॉलेज में युवा विकास केंद्र के तत्वावधान में राजकीय महिला कॉलेज बाड़मेर से आए विषय विशेषज्ञ डॉ. मुकेश पचौरी ने पत्रकारिता के विविध आयाम एवं पत्रकारिता में कॅरिअर विषय पर छात्राओं से सीधा
संवाद स्थापित किया।
डॉ. पचौरी ने कहा कि आज पत्रकारिता बड़े ही साहस, जोखिम और चुनौती का कार्य है। अखबार, टेलीविजन, रेडियो, इंटरनेट, पत्र-पत्रिकाओं आदि विविध क्षेत्रों मे पत्रकारिता के अवसरों की बात करते हुए उन्होंने पत्रकार के लिए विषय की समझ, भाषा पर पकड़, विश्लेषण क्षमता, सतर्कता, हाजिर जवाबी, निष्पक्षता, आत्मविश्वास, विश्वसनीयता, जागरूकता, तटस्थता, निष्पक्षता, बेबाकी और साहस आदि को आवश्यक बताया।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में जाने वाले शख्स के पास किसी चीज, घटना, परिवेश या व्यक्तित्व को देखने का नजरिया, बौद्धिकता, संवेदनशीलता एवं वैचारिकता होनी चाहिए। डॉ. पचौरी ने छात्राओं की ओर से प्रश्न पूछे जाने पर उन्हें पत्रकारिता की विविध धाराओं राजनीतिक, आपराधिक, सामाजिक, वैज्ञानिक, सांस्कृतिक, खेलकूद, मौसम, सिनेमा आदि की जानकारी दी।
उन्होंने इस क्षेत्र में कॅरिअर के लिए न्यूज रीडर, न्यूज मेकर, रिपोर्टर, एडिटर, स्क्रिप्ट राइटर, डिजाइनर, फोटोग्राफर आदि भूमिकाओं व पत्रकारिता संस्थाओं के बारे में भी बताया। युवा विकास केंद्र की नोडल अधिकारी डॉ. संतोष जाखोटिया ने डॉ. पचौरी का स्वागत करते हुए उन्हें आत्मविश्वास से लबरेज एवं भाषा पर असाधारण अधिकार का धनी बताया। कॉलेज के प्राचार्य एमएल मोदी ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में लड़कियां, महिलाएं अपना हुनर खूब दिखा रही है। अत: छात्राओं को अपनी रूचि के अनुसार इस क्षेत्र में जाना चाहिए। ओपी टेलर ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
:बालोतरा. गल्र्स कॉलेज में छात्राओं को संबोधित करते विशेषज्ञ।