500 मीटर दूरी, चक्कर चार किमी. का
भास्कर न्यूज - बालोतरा
शहर की कृषि मंडी के पीछे वार्ड संख्या 32 के आधे भू भाग पर रहने वाले वाशिंदों को शहर में आने के लिए सीधे रास्ते के अभाव के चलते करीब 4 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है, जबकि इस कॉलोनी से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हॉस्पिटल महज आधा किलोमीटर दूरी पर स्थित है, परंतु सीधा रास्ता नहीं होने के कारण पूरी कृषि मंडी का चक्कर लगाकर वाशिंदे शहर में पहुंचते हैं। ये दंश शास्त्री कॉलोनी के वाशिंदे दशकों से भुगत रहे हैं, लेकिन आज तक किसी ने इनकी पीड़ा नहीं सुनी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार सीधे रास्ते के लिए नगरपरिषद के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों सहित जिला मुख्यालय पर अधिकारियों को अवगत कराया, मगर समाधान नहीं निकला। नतीजतन आज भी वाशिंदे इस पीड़ा को भुगतने को मजबूर है। आखिर हारकर अब सभी मौहल्लेवासियों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आगामी लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिया है।
पार करते हैं रेलवे ट्रैक
शहर में पहुंचने के लिए सीधा रास्ता नहीं होने के कारण वाशिंदों को होने वाली परेशानी रोजमर्रा की बन चुकी है, लेकिन कभी-कभार यह परेशानी बढ़ जाती है। जब आपातकाल की स्थिति होती है तो स्थानीय निवासियों को यहां कोई वाहन उपलब्ध नहीं हो पाता। इसके अलावा किसी की मृत्यु होने पर भी उसकी शवयात्रा को रेलवे ट्रैक के ऊपर से पार कर ले जाना पड़ता है।
कई आंदोलन किए
शास्त्री कॉलोनी के निवासियों ने सीधे रास्ते के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत करवाने के अलावा कई बार आंदोलन भी किए। लेकिन उनकी यह समस्या जस की तस बनी हुई है। हर बार चुनाव के दौरान भी यहां के वाशिंदे नेताओं के सामने इसी मांग को रखते हैं। लेकिन नेताओं ने भी सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं दिया।
ये हो सकता है समाधान
शास्त्री कॉलोनी के शहर से जुड़ाव के लिए सीधे रास्ते के बीच रेलवे व कृषि मंडी सबसे बड़ा रोड़ा बने हुए हैं। रेलवे अपनी जमीन से रास्ता देने को तैयार नहीं, मगर कृषि उपज मंडी की खाली जमीन पर रास्ता निकल सकता है। जनप्रतिनिधि रुचि दिखाए तो कृषि मंडी में से होकर 20 फीट चौड़ा रास्ता निकालकर कॉलोनी का सीधा जुड़ाव शहर से हो सकता है। इसके अलावा इस कॉलोनी से लगने वाली रेलवे ट्रैक पर रेलवे क्रॉसिंग बनाकर वाशिंदों को रास्ता दिया जा सकता है।
लंबे समय से है समस्या
॥यह समस्या लंबे समय बनी हुई है। इसका समाधान होना चाहिए। अगर जिम्मेदार पहल करे तो समस्या का समाधान हो सकता है।
- अर्जुनदास वैष्णव, कॉलोनीवासी।
हम नहीं देंगे वोट-
॥समाधान नहीं हुआ तो कॉलोनी के सभी वाशिंदों की ओर से लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। - मुकेश कुमार, कॉलोनीवासी।
हम प्रयास कर रहे हैं
कॉलोनी का शहर से सीधा जुड़ाव होना बहुत जरूरी है। कच्चे रास्ते के लिए रेलवे से बात करेंगे। बात नहीं बनी तो कृषि मंडी में से होकर कॉलोनी को रास्ता देना पड़ेगा। इसके लिए हम प्रयासरत है। इस संबंध में विधायक अमराराम चौधरी से भी बात हुई है।
- महेश बी चौहान, सभापति, नगरपरिषद बालोतरा
कच्चा रास्ता भी बंद
इस कॉलोनी के वाशिंदों के लिए शहर में पहुंचने के लिए एक कच्चा रास्ता है, जो कृषि मंडी के पास होकर भोला पीर दरगाह से होता सीधे प्रथम रेलवे क्रॉसिंग पर निकलता है। लेकिन इस रास्ते को भी रेलवे ने लंबे समय से बंद कर रखा है। रास्ते के दोनों तरफ रेलवे ने लोहे की बड़ी-बड़ी एंगलों लगा रखी है, जिसके चलते कोई वाहन यहां से नहीं निकल पाता। कई बार वाशिंदों ने इन एंगलों को तोडऩे की कोशिश की, लेकिन रेलवे वापस इसे बंद कर देता है।
चुनाव का करेंगे बहिष्कार
मोहल्लेवासियों ने उच्चाधिकारियों को भेजे संयुक्त हस्तारक्षरयुक्त ज्ञापन में बताया कि सभी वाशिंदों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अगर उनकी समस्या का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो वे आगामी लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। कॉलोनीवासी सुनील कुमार, शंकरलाल, मुकेश वैष्णव, दलाराम, बुदाराम, सौरभदेवी, अंबादेवी, सुशीला, लीलादेवी, सवाई, अशोक, दिनेश
आदि ने कलेक्टर को भेजे ज्ञापन में इस समस्या के निवारण की मांग की।
: बालोतरा. कृषि उपज मंडी के पीछे की तरफ बसी शास्त्री कॉलोनी।
लंबे समय से भुगत रहे हैं शास्त्री कॉलोनी के वाशिंदे पीड़ा