पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हर राजस्व गांव में लगेगी आशा सहयोगिनी

हर राजस्व गांव में लगेगी आशा सहयोगिनी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बाड़मेर
जिले के राजस्व गांवों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र अब खाली नहीं रहेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इन केंद्रों पर आशा सहयोगिनी नियुक्त करने के लिए रिक्त पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। साथ ही आशा सुपरवाइजरों व चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश दिए कि आशा सहयोगिनियों के चयन संबंधी कार्य को प्राथमिकता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही करें। आशाओं के चयन होते ही सभी को जिलास्तर पर प्रशिक्षण देकर उन्हें शीघ्र ही पदस्थापित किया जाएगा। इस संबंध में सीएमएचओ डॉ.फूसाराम बिश्नोई ने जिला स्तर पर आरसीएचओ एवं आशा समन्वयक को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। जिले में आशा सहयोगिनी के तीन हजार 25 पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में दो हजार एक सौ 23 आशा सहयोगिनी कार्यरत हैं। जिले में 902 आंगनबाड़ी केंद्रों पर आशा सहयोगिनी कार्यरत नहीं हैं, जिस कारण आशा सहयोगिनी के जरिए आमजन को पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा है। खासकर टीकाकरण एवं जननी व शिशु सुरक्षा जैसे कार्यक्रम प्रभावित हो रहे हैं। इसके चलते रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। आरसीएचओ डॉ. खुशवंत खत्री के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी अपने निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी या आशा सुपरवाइजर से रिक्त स्थानों की जानकारी प्राप्त कर सकती हैं। इसके लिए 21 से 45 वर्ष की महिला का 10वीं पास होना जरूरी है। राज्य सरकार ने वर्तमान में बहू एवं बेटी दोनों को ही चयन करने संबंधी छूट दी है, हालांकि दोनों की उपलब्धता होने की स्थिति में संबंधित गांव की बहू को प्राथमिकता दी जाएगी। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए आरसीएचओ डॉ. खुशवंत खत्री और आशा समन्वयक राकेश भाटी से संपर्क करना होगा। वहीं संबंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी अधिकारी से भी जानकारी ले सकते हैं। उल्लेखनीय है कि आशा सहयोगिनी स्वास्थ्य विभाग की एक अहम कड़ी है, जिसकी जरिए ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में महिलाओं व शिशुओं को स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। सीएमएचओ डॉ. बिश्नोई ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे आशा सहयोगिनी के चयन में अहम भागीदारी निभाएं ताकि जन-जन स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित हो सके।



- स्वास्थ्य विभाग ने मांगे आवेदन, जल्द दिया जाएगा नवचयनित आशाओं को प्रशिक्षण