‘ सेवा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं’
भास्कर न्यूज - बाड़मेर
दूरसंचार उपभोक्ताओं को जागरूक करने, उनके अधिकार जानने एवं उनके हितों का ज्ञान कराने के उद्देश्य से भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ने होटल कलिंगा पैलेस में गुरुवार को ‘उपभोक्ता जागृति कार्यक्रम’ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्राधिकरण के क्षेत्रीय सलाहकार रामदेव आर्य ने उपस्थित उपभोक्ताओं, उपभोक्ता संगठन समूह, टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं सहित अन्य राजकीय प्रतिनिधियों को विनियामक प्राधिकरण की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उपभोक्ताओं की संतुष्टि के लिए उन्होंने शिकायत प्रणाली को विकसित कर जल्द समाधान करवाने की बात कही। साथ ही केबल टीवी के डिजिटलाइजेशन से उपभोक्ताओं को होने वाले लाभ की महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। क्षेत्रीय सलाहकार ने बताया कि ट्राई ने वित्तीय समावेश के तहत सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के लिए मोबाइल बैंकिंग सेवा उपलब्ध कराने को अनिवार्य बनाया है। इसका उद्देश्य मोबाइल बैंकिंग सेवा को अब तक वंचित उपभोक्ताओं तक पहुंचाना है। आर्य ने बताया कि दूरसंचार टैरिफ 56वां संशोधन व सेवा की गुणवत्ता, संशोधन नियमन-2013 के जारी होने से उपभोक्ताओं से प्रति हस्तांतरण डेढ़ रुपए से अधिक शुल्क नहीं वसूल सकते हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल फोन उपभोक्ताओं की संख्या में बढ़ोतरी होने से नीतिगत लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी। सभी ऑपरेटरों के उपभोक्ता टोल फ्री नंबर-155223 के जरिए किसी भी मूल्य संवर्धित सेवा को कभी भी बंद कर सकते हैं। अभी तक गलती से चालू सेवा के लिए उपभोक्ता के मोबाइल से हर माह निश्चित राशि कट जाती थी। सेवा प्रदाता रोमिंग उपभोक्ताओं के लिए विशेष प्लान प्रस्तुत करेंगे। आंशिक रोमिंग की स्थिति में इनकमिंग सुविधा अधिकतम 75 पैसे एवं आउटगोइंग सुविधा घरेलू दर पर उपलब्ध होगी। पूर्ण रोमिंग की स्थिति में इनकमिंग कॉल्स निशुल्क होती हैं। आउटगोइंग कॉल्स की दर भी घरेलू दर के समान होती है। ट्राई के क्षेत्रीय सलाहकार ने सलाह दी है कि यदि प्लस 91 के अतिरिक्त विदेशों से किसी नंबर से मिस्ड कॉल आती है तो उपभोक्ता को उसका उत्तर नहीं देना चाहिए। अपीलीय प्राधिकारी की सुलभता को उपभोक्ताओं के नजदीक लाने के लिए, शिकायत केंद्र के माध्यम से अपीलों के पंजीकरण की सुविधा दी गई हैं। अपील प्रस्तुत करने के लिए स्पष्ट सूचना एसएमएस या ई-मेल या डाक द्वारा देने से अपील प्रस्तुत करने में आसानी होगी। कार्यक्रम में कार्यरत वरिष्ठ रिसर्च अधिकारी सनातन ओझा ने प्राधिकरण की कार्यप्रणाली के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।कार्यक्रम में प्राधिकरण के अमित ने उपस्थित उपभोक्ताओं का आभार व्यक्त किया।