दफ्तर से बाहर आए अफसर, दिखाए तेवर
भास्कर न्यूज - बाड़मेर
लंबे समय से अव्यवस्थाओं की शिकार नगर परिषद के हालात अब सुधरने लगे है। नगर परिषद सभापति उषा जैन, आयुक्त शशिकांत शर्मा सहित नगर परिषद के अधिकारियों ने व्यवस्थाएं सुधारने की कवायद शुरू कर दी है। बंद कमरों में बैठे अधिकारी अब बाहर निकल अपनी जिम्मेदारी के प्रति जागे है और शहर के सौंदर्यीकरण व विकास कार्यों को लेकर काम में जुटे है।
दैनिक भास्कर की ओर से पिछले एक माह से श्रृंखलबद्ध तरीके से शहर की समस्याओं और अव्यवस्थाओं को लेकर खबरें प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करवाया था। जिसमें बताया था कि नगर परिषद में अव्यवस्थाओं को उजागर कर सीवरेज लाइन, सफाई अभियान, नालों की सफाई नहीं, अतिक्रमण, पार्किंग व्यवस्था के लिए नगर परिषद का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया। जिसके बाद आखिरकार गुरुवार को नगर परिषद आयुक्त, सभापति, एक्सईएन व अन्य कर्मचारियों के साथ वार्डों में निरीक्षण के लिए पहुंचे और हिदायत देते हुए सफाई व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, टूटी सड़कें, अतिक्रमण हटाने, नालियों का निर्माण सहित कई व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। गुरुवार को आयुक्त शशिकांत शर्मा, सभापति उषा जैन, एक्सईएन आलोक श्रीवास्तव वार्ड संख्या 40 में पहुंचे और वार्ड का निरीक्षण कर स्वच्छता अभियान को लेकर समीक्षा की। इसके बाद वार्ड संख्या 1, पुलिस लाइन, लक्ष्मीनगर, रॉय कॉलोनी, गडरारोड, अंबेडकर सर्किल, ढाणी बाजार सहित कई वार्डों का निरीक्षण किया।
नागरिकों से सहयोग की अपील
गुरुवार को नगर परिषद ने शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण पर चिंता जताते हुए एक टैक्सी के माध्यम से पूरे शहर में एलाउंस कर दुकानों के बाहर व मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी, साथ ही वार्डों में निर्माण सामग्री मुख्य मार्ग पर नहीं डालने व शहर को साफ-सुधरा बनाने की आम जनता से अपील की गई।
आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बताया कि अतिक्रमण से संकरी सड़कों को खोलने के लिए नगर परिषद की ओर से अभियान के तहत प्रतिदिन कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान दुकानों के बाहर अतिक्रमण किया पाया गया तो सामान जब्त कर उसे वापस नहीं लौटाया जाएगा। इसके अलावा एक बार से अधिक बार अतिक्रमण किया गया पाए जाने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाएगा।
वार्डों में लगेंगे कचरा पात्र
हिदायत बाद में हटाए अतिक्रमण
नगर परिषद में की ओर से आदर्श स्टेडियम के कबाड़ में पड़े कचरा पात्र अब शहर के वार्डों में सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए लगाए जाएंगे। गौरतलब है कि भास्कर ने 6 जनवरी 2014 को ‘कबाड़ में करोड़ों के संसाधन’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। जिसके बाद अब इन संसाधनों को वार्डों में लगाया जाएगा। इसके अलावा व्हील चेयर भी सफाई कार्मिकों की दी जाएगी, जिसके माध्यम से कार्मिक घर-घर कचरा उठाएंगे।
एकाएक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से दुकानदारों में गुरुवार को अफरा-तफरी मच गई। अतिक्रमण रोधी दस्ते ने दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई की तो व्यापारियों हड़कंप मच गई और बाहर रखे सामान को दुकानों के अंदर जमाया जाने लगा। इस बीच कई दुकानों से सामान जब्त भी किया गया। नगर परिषद की कार्रवाई से स्टेशन रोड पर मेले सा माहौल हो गया। भारी संख्या में लोगों की भीड़ के बीच दुकानदारों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
बाड़मेर. गुरुवार को नगर परिषद ने लंबे अर्से के बाद शहर के गांधी चौक से ओवरब्रिज तक दुकानों के बाहर व मुख्य मार्ग पर किए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। होमगार्ड जवानों के साथ नगर परिषद के अधिकारियों ने दुकानदारों को अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत देते हुए मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के रूप में रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई की। इस दौरान मुख्य मार्ग पर दूध की स्टॉल, हाथ ठेले, दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त किया गया। वहीं दुकानदारों को भविष्य में दुकानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी गई।