उत्सव की तरह मनाएंगे दिवस
बाड़मेर. जिले के सीमावर्ती इलाकों में चतुर्थ राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिले के कई युवा मंडलों द्वारा विभिन्न गतिविधियां चौपाल, बैठक, संगोष्ठी, रैली व शपथ कार्यक्रमों का आयोजन कर मतदान दिवस को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इसी क्रम में 20 से 25 जनवरी तक जिला निर्वाचन विभाग, भारत सरकार के क्षेत्रीय प्रचार कार्यालय व नेहरू युवा केंद्र द्वारा प्रदर्शनी, प्रश्नोतरी आदि कार्यक्रम युवा मंडलों के माध्यम से आयोजित किए गए। इसी शृंखला में नेहरू नवयुवक मंडल रोहिड़ी द्वारा गडरा में मतदाता जागरुकता महिला संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में सुशीला देवी ने ग्रामीण बहिनों से अपील की वे घर-घर जाकर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करें। उसी प्रकार राष्ट्रीय मतदाता दिवस के दिन एकत्रित होकर संकल्प लें कि आगामी संसदीय चुनाव में शत प्रतिशत मतदान अवश्य करेंगे।
कार्यक्रम में सुनी देवी, गंगा देवी, सीतादेवी ने मतदान में महिला मतों का प्रतिशत बढ़ाने का आह्वान किया।