बालकों ने किया माताओं का पूजन
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
आदर्श विद्या-मंदिर गांधी कॉलोनी में मातृ-शक्ति पूजन कार्यक्रम शुक्रवार को समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. मनीषा छंगाणी, अध्यक्ष रजनी गोपा, मुख्य अतिथि प्रेमलता भाटिया तथा विशिष्ट अतिथि डा. सरोज शर्मा थी। कार्यक्रम का आरंभ बहिनों द्वारा सरस्वती वंदना एवं सरस्वती पूजन के साथ हुआ। प्रधानाचार्य शशिबाला शर्मा ने अतिथियों का परिचय करवाया।
मुख्य वक्ता डॉ. मनीषा ने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के भौतिक युग में हमारी भावी पीढ़ी नैतिक पतन की ओर अग्रसर न हो, इसकी जिम्मेदारी माताओं की ही होती है। उन्होंने यूएसए की व्याख्या करते हुए बताया कि यदि हमारे जीवन में उपासना साधना और आराधना का आगमन हो जाए तो हमारा जीवन धन्य हो जाए। मातृ-पूजन कार्यक्रम में 360 माताओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर हाथ में मोली बांधकर माताओं का पूजन किया एवं आरती उतारी। इस दौरान ध्वनि यंत्र से ‘‘तू कितनी अच्छी है प्यारी मां’’,‘‘मां की गोदी पावन गोदी’’ जैसे गीत बजते रहे। इससे वातावरण भावुक हो उठा। कई माताओं के वात्सल्यपूर्ण अश्रुधारा बह निकली।
इस अवसर पर बस्ता प्रतियोगिता एवं गणवेश प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इंस्पायर अवार्ड के रूप में कक्षा अष्टमी के विद्यार्थी श्यामसिंह को 5हजार रू का चैक प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्वाति ओझा, आशा ओझा एवं कोमल छंगाणी ने किया। अंत में प्राथमिक भाग के प्रधानाचार्य नरपत सिंह राजपुरोहित ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
: जैसलमेर. मातृ शक्ति पूजन में माताओं की पूजा करते विद्यार्थी।