डॉग स्क्वॉयड व ऊंटों का होगा प्रदर्शन
भास्कर न्यूज - बाड़मेर
इस बार गणतंत्र दिवस पर सीमा सुरक्षा बल के डॉग स्क्वॉयड व ऊंटों का हैरतअंगेज करतब खास रहेगा। इसके लिए जवानों की ओर से इन्हें पूर्वाभ्यास करवाया जा रहा है। आदर्श स्टेडियम में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री अजयसिंह राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
एडीएम अरुण पुरोहित ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन रविवार को सुबह 9 बजे होगा। जिसमें सहकारिता राज्य मंत्री अजयसिंह झंडा फहराएंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि का परेड निरीक्षण, विभिन्न टुकडिय़ों की परेड, व्यायाम प्रदर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां सहित कई रंगारंग कार्यक्रम होंगे। इस बार सीमा सुरक्षा बल के ऊंट व डॉग स्क्वॉयड का हैरतअंगेज करतब अपने आप में खास होगा। पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह में इस कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। विभिन्न कलाओं में प्रदर्शन दर्शकों को आकर्षित करेगा। शुक्रवार को जिला प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद आयुक्त व पुलिस अधिकारियों ने आदर्श स्टेडियम का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।