‘पशुधन के संरक्षण की जरूरत’
धोरीमन्ना. राज्य के मरुस्थलीय क्षेत्रों में पशुधन की उन्नत नस्ल के संरक्षण पर पशुपालकों को ध्यान देने की जरूरत है। ये विचार शुक्रवार को गुड़ामालानी विधायक लादुराम विश्नोई ने पंचायत की ओर से आयोजित 29वें पशुमेले के सम्मान समारोह में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पशुधन का महत्व कभी भी कम नहीं होगा। पशुपालन रोजगार का सशक्त जरिया है, जब तक उन्नत पशुधन और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक नहीं होंगे तब तक उसका लाभ पर्याप्त रूप से नहीं मिल सकेगा। क्षेत्र में मौजूदा पशुधन की नस्ल सुधारनी चाहिए। विश्नोई ने नर्मदा नहर का पानी जल्द पहुंचाने की बात कही। समारोह की अध्यक्षता करते हुए प्रधान पन्नी देवी, पूर्व प्रधान ताजाराम चौधरी ने भी संबोधित किया। समारोह में विकास अधिकारी मदनलाल बैरवा, तहसीलदार चूनसिंह राजपुरोहित का स्वागत किया।मंच संचालन डॉ.पूनमाराम बेनीवाल ने किया।