- Hindi News
- ‘सरकार काश्तकारों के हितों का ध्यान रखें’
‘सरकार काश्तकारों के हितों का ध्यान रखें’
भास्कर न्यूज. बालोतरा
भारतीय किसान संघ की बैठक शनिवार को तहसील अध्यक्ष अखाराम चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
संघ उपाध्यक्ष अर्जुनराम रेवाड़ा ने बैठक में कहा कि सरकार पचपदरा तहसील में पंजीयन पर लगी रोक को तुरंत प्रभाव से हटाकर किसानों को राहत पहुंचाए। उन्होंने कहा कि बजरी की रॉयल्टी किसानों के लिए माफ होने के बावजूद भी रॉयल्टी ली जा रही है, उसका सरलीकरण किया जाए। जैविक प्रमुख जुहाराराम पारलू ने बताया कि गत वर्ष खरीफ की फसलों में हुए नुकसान का मुआवजा छोटे से बड़े सभी किसानों को दिया जाए। महामंत्री चेलाराम भूरीया ने बताया कि नरेगा कार्य को कृषि कार्य से जोड़ा जाए व जंगली सुअर व नील गायों से फसलों में नुकसान होने को रोकने के लिए काश्तकारों को तारबंदी के लिए 90 प्रतिशत सरकार की ओर से अनुदान दिया जाए तथा बिजली बिल में स्थानीय सेवा शुल्क को हटाया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल को राष्ट्रीय बागवानी मिशन से जोड़ा जाए ताकि किसानों को अधिक लाभ मिल सकें। बैठक में जिला पदाधिकारी तगाराम मूंढ, रामनारायण चौधरी, उपाध्यक्ष राजूराम गोदारा, उपाध्यक्ष गुमानसिंह वेदरलाई, लक्ष्मण चौधरी, हडूदान सहित कई लोग मौजूद थे।