- Hindi News
- गणतंत्र दिवस आज, आदर्श स्टेडियम में होगा समारोह
गणतंत्र दिवस आज, आदर्श स्टेडियम में होगा समारोह
भास्कर न्यूज.बाड़मेर
गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह रविवार को आदर्श स्टेडियम में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। समारोह के मुख्य अतिथि सहकारिता विभाग राज्यमंत्री अजयसिंह सुबह 9.00 बजे ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। कलेक्टर भानु प्रकाश एटूरू ने बताया कि मुख्य समारोह में इस बार परेड कमांडर आर.आई. सुरेन्द्रसिंह के नेतृत्व में बीएसएफ, राजस्थान पुलिस, बॉर्डर होम गाड्र्स, अरबन होम गाड्र्स, एनसीसी सीनियर, एनसीसी जूनियर, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवक एवं स्वयं सेविकाओं के दल, स्टूडेंट पुलिस दल, स्काउट तथा गाइड दल परेड में हिस्सा लेंगे।
इसके बाद एडीएम अरूण पुरोहित राज्यपाल के संदेश का पठन करेंगे। मुख्य समारोह में शिक्षण संस्थाओं के लगभग 2000 बालक-बालिकाओं का सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन एवं समूह गान कार्यक्रम होगा। शिक्षण संस्थाओं के 200 बालचर पिरामिड का प्रदर्शन करेंगे। बीएसएफ के डॉग स्क्वॉयड आकर्षक प्रस्तुति देंगे।
समारोह के मुख्य अतिथि जन समुदाय को संबोधित कर विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं रचनात्मक कार्य में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। इसी क्रम में ख्याति प्राप्त लोक कलाकार स्वरूप पंवार द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों की बालिकाओं द्वारा सामूहिक लोक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इसके बाद बीएसएफ के केमल स्क्वॉयड द्वारा केमल टेटू शौ की प्रस्तुति दी जाएगी। रविवार को ही पुलिस लाइन प्रांगण में दोपहर 3.00 बजे जिला प्रशासन व जिला वॉलीबॉल संघ बनाम सीमा सुरक्षा बल के बीच वॉलीबॉल मैच खेला जाएगा। शाम 4.00 बजे राउमावि स्टेशन रोड प्रांगण में पुलिस प्रशासन व अन्य के बीच बास्केट बॉल का मैच खेला जाएगा। रात्रि 6.30 बजे से राउमावि स्टेशन रोड प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिले में विभिन्न सार्वजनिक संस्थानों तथा राजकीय कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के विभिन्न मुख्य चौराहा एवं सरकारी भवनों पर आकर्षक रोशनी की सजावट की गई है।
लीलसर. इसी तरह इंडियन पब्लिक स्कूल में में भी गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया जाएगा। संस्था प्रधान पुरखाराम ने बताया कि इस मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बेनीवाल करेंगी ध्वजारोहण : गणतंत्र दिवस पर कृषि उपज मंडी समिति के मुख्य कार्यालय पर नेनुदेवी बेनीवाल सुबह 8:15 बजे ध्वजारोहण करेंगी। इस दौरान मंडी समिति के उपाध्यक्ष वीरचंद वडेरा, मंडी सचिव डॉ.पूरणसिंह जैतावत, सहायक सचिव के.आर गोदारा सहित सदस्य मौजूद रहेंगे।
लेफ्टिनेंट आदर्श किशोर करेंगे प्रतिनिधित्व : गणतंत्र दिवस समारोह के लिए नई दिल्ली में आयोजित एनसीसी आरडी कैंप में राजस्थान कंटिनजैंट का प्रतिनिधित्व लेफ्टिनेंट आदर्श किशोर कर रहे हैं। राजकीय महाविद्यालय के एनसीसी यूनिट के सीनियर अंडर ऑफिसर मोहनलाल सारण ने बताया कि महाविद्यालय के एनसीसी अंडर ऑफिसर मांगीलाल जाणी, कैडेट सवाईसिंह का चयन आरडी परैड के लिए हुआ है। मांगीलाल के नेतृत्व में राजपथ पर तेरहताली नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा।