- Hindi News
- शान से फहराया तिरंगा, गूंजे देशभक्ति तराने
शान से फहराया तिरंगा, गूंजे देशभक्ति तराने
भास्कर न्यूज - बालोतरा
उपखंड मुख्यालय पर 65वां गणतंत्र दिवस धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया। शहीद भगतसिंह सभा स्थल पर आयोजित मुख्य समारोह में सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने परेड व सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन में उत्साह व उमंग के साथ भाग लिया। रविवार सुबह 9:0 बजे मुख्य अतिथि एसडीएम अयूब खां ने मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। इसके बाद एमटीएम स्कूल की छात्राओं ने राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी। साथ ही पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एनसीसी पायलेट लोकेंद्रसिंह चारण के आग्रह पर मुख्य अतिथि खां ने एनसीसी ऑफिसर हनुमानराम चौधरी व शारीरिक शिक्षक हीरसिंह चौहान के नेतृत्व में परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
इसके बाद स्कूली छात्र-छात्राओं की ओर से सामूहिक मार्चपास्ट व व्यायाम प्रदर्शन किया गया। मुख्य अतिथि एसडीएम ने राज्यपाल का अभिभाषण वाचन किया गया। इसके बाद एमटीएम स्कूल के पीयूष पंवार ने देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति के बाद विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले 35 जनों को एसडीएम अयूब खां ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पचपदरा विधायक अमरा राम चौधरी, नगरपरिषद सभापति महेश बी चौहान, पूर्व विधायक मदन प्रजापत, बालोतरा एएसपी सीताराम प्रजापत, उप सभापति रामलाल राजपुरोहित, प्रतिपक्ष नेता रतन खत्री, नगरपरिषद आयुक्त जोधाराम विश्नोई, भाजपा नगर अध्यक्ष मदनराज चौपड़ा, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भंवरलाल भाटी, डीएसपी अमृत जीनगर, थानाधिकारी सुखाराम विश्नोई, पार्षद रोहित सोलंकी, मनोज खींची, मोहनी देवी जीतमल सुथार, नरसिंग राम प्रजापत, दुर्गादेवी सोनी, पंचाणाराम चौधरी, चंद्रा बालड़, सुखीदेवी दाणी, पूर्व पार्षद मोहनी देवी जीनगर, सेवानिवृत्त शिक्षाधिकारी भंवरलाल सालेचा, मूलदान आशिया, पंचायत प्रसार अधिकारी भंवरलाल तीरगर, पार्षद नेमीचंद पंवार, चेलाराम चौधरी सहित गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन मंगलाराम पंवार व सुरेश चितारा ने किया।
एसपी ने सीएलजी की बैठक में दिए दिशा निर्देश
जागरुकता से नशा प्रवृति पर रोक : एसपी
सिवाना . सिवाना थाना प्रांगण में सीएलजी की बैठक एसपी हेमंत कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें शर्मा ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में बेहतर पुलिस व्यवस्था कायम करने के लिए आवश्यक सुझाव मांगें। साथ ही मौके पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने उपस्थित जनों को नशा प्रवृति रोकने के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा नाश का मूल है। वर्तमान में युवा पीढ़ी नशा प्रवृति की ओर बढ़ रही है। इसके लिए आमजन को सचेत रहकर रोकथाम में पुलिस का सहयोग करना होगा। बैठक में व्यापारी एसोसिएशन अध्यक्ष झनकारमल चौपड़ा ने रोडवेज बसों का ठहराव पुराने बस स्टैंड पर करवाने व गांधी चौक राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की। इस पर एसपी शर्मा ने यातायात नियंत्रण व मौका देख कर स्थाई समाधान करने के निर्देश थानाधिकारी सिवाना को दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की इसी हफ्ते में बैठक कर उचित समाधान निकालने के निर्देश दिए। पूर्व प्रधान मूलसिंह भायल की ओर से सीआई पद सृजित करवाने व भाजपा मंडल महामंत्री महेंद्र छाजेड़ की ओर से पुराना थाना परिसर मे अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की गई। वहीं आसोतरा सरपंच नटवरलाल सरगरा ने आसोतरा में पुलिस चौकी स्थापित करवाने की मांग की। पूर्व प्रधान ओमाराम मेघवाल ने पत्थरों की खदानों से भारी वाहनों का आवागमन ग्रामीण संपर्क मार्गों से बंद करवानेकी मांग की। भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सोहनसिंह भायल ने क्षेत्र में पुलिस नफरी बढ़ाने की मांग की। इस पर शर्मा ने मांगों के संबंध में प्रस्ताव भिजवाने का अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम गोमती शर्मा, तहसीलदार हड़मानराम चौधरी, बालोतरा एएसपी सीताराम प्रजापत, डीएसपी अमृत जीनगर, थानाधिकारी सुमेरसिंह राठौड़, एसआई शेराराम, सरपंच भीखीदेवी, पूर्व सरपंच रामनिवास आचार्य, पूर्व विधायक मोटाराम मेघवाल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्रसिंह राठौड़, सताराम थापन, भवानीसिंह सिवाना मौजूद थे।
इससे पूर्व एसपी के पहली बार सिवाना थाना आगमन के दौरान पुलिस की ओर से गार्ड ऑफ आनर दिया। एसपी ने थाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
ग्रामीण मंडल अध्यक्ष ने पूछा, पेयजल परियोजनाओं को कांग्रेस ने दबाकर क्यों रखा
पचपदरा में ही लगेगी रिफाइनरी : टापरा
भास्कर न्यूज - बालोतरा
पचपदरा में रिफाइनरी को लेकर भाजपा व कांग्रेस पार्टी में आरोप-प्रत्यारोप की छिड़ी बहस थमने का नाम नहीं ले रही। गत दिनों पूर्व विधायक मदन प्रजापत व क्षेत्रीय सांसद हरीश चौधरी की ओर से रिफाइनरी, पेयजल परियोजना व पंजीयन को लेकर दिए गए बयानों पर पलटवार करते हुए भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भवानीसिंह टापरा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कांग्रेस पार्टी बौखला गई है। टापरा ने कहा कि भाजपा आमजन को विश्वास दिलाती है कि राजस्थान के समग्र विकास एवं हितों को सुरक्षित रखते हुए रिफाइनरी के अनुबंधों की शर्तों की समीक्षा बाद रिफाइनरी पचपदरा क्षेत्र में ही लगेगी।
उन्होंने बताया कि एक साल के भीतर-भीतर दोनों पेयजल परियोजनाओं को पूर्ण कर जनता को पेयजल की समस्या से निजात दिलाया जाएगा। वहीं खनन नीति की समीक्षा कर जल्द ही फरवरी-मार्च तक इस बजरी के दामों की समस्या का भी स्थाई समाधान हो जाएगा। पंजीयन पर लगी रोक हटाने की राज्य सरकार की ओर से प्रक्रिया चल रही है। टापरा ने कहा कि पूर्व विधायक व सांसद जनता को बताएंगे कि पोकरण-फलसूंड-बालोतरा व उम्मेदसागर-धवा-कल्याणपुर पेयजल परियोजना, जो 1 सितंबर 2008 में तत्कालीन भाजपा सरकार की ओर से उद्घाटित की थी और इस पेयजल परियोजना को पूर्ण करने की समयावधि 18 माह थी, लेकिन परियोजना को कांग्रेस सरकार ने 5 वर्ष तक दबाकर क्यों रखा?, प्रतिवर्ष दिए जाने वाले बजरी खनन के ठेके को कांग्रेस सरकार ने एक साथ पांच वर्ष के लिए इतने ऊंचे दामों में दे दिया क्यों?, कांग्रेस सरकार ने आबकारी विभाग के ठेके ((शराब, पोस्ट डोडा)) पिछले दो वर्षों से क्यों नहीं करवाएं? क्या इसमें मादक द्रव्य के तस्करों से सौदेबाजी तो नहीं हुई, क्या कांग्रेस जनप्रतिनिधि इसका जवाब दे सकते हैं। उन्होंने प्रश्न किया कि कांग्रेस सरकार ने जुलाई 2013 में पचपदरा तहसील व जसोल उप तहसील में दस्तावेजों के पंजीयन पर रोक लगाई, तब सरकार में थे तो पांच माह तक पंजीयन खुलवाने की पैरवी क्यों नहीं की? टापरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार की ओर से जिले में रिफाइनरी का निर्णय लेना और चुनाव से एनवक्त पहले आनन-फानन में शिलान्यास करवाने से साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस सरकार चुनावी लाभ लेना चाहती थी, लेकिन जनता समझदार हो चुकी है, विधानसभा चुनाव में मुंह तोड़ जवाब दिया।
: बालोतरा. मुख्य समारोह में ध्वज की सलामी लेते एसडीएम, तिरंगे के रंग में रंगे साफे पहन परेड करते कैडेट्स और मुख्य समारोह में नृत्य प्रस्तुत करतीं बालिकाएं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में झलका देशभक्ति रंग
सांस्कृतिक कार्यक्रम में वद्र्धमान स्कूल की ओर से म्यूजिकल रिबन पिटी व वंदेमातरम् की प्रस्तुति दी गई। अग्रसेन विद्या मंदिर की ओर से मां तुझे सलाम..., वद्र्धमान स्कूल की ओर से हमें इश्क है इस सर जमीन से..., की प्रस्तुति दी गई। नवकार स्कूल की ओर से जननी जन्म भूमि, एमटीएम स्कूल की ओर से एक्शन सोंग सारे जहां से अच्छा,
हिंदुस्तां हमारा..., की प्रस्तुति देकर सभी को देशभक्ति रंग में डूबो दिया। इसके बाद लोक कलाकारों की ओर से घोड़ी नृत्य, गोरबंद नखरालों की प्रस्तुति दी गई। वहीं नेहरु यूथ कल्चरल एंड डेजर्ट ट्रेडिशनल आर्ट के कलाकारों ने डांडिया गेर का प्रदर्शन किया।
झांकियों ने मनमोहा
झांकी कार्यक्रम नगरपरिषद बालोतरा, नवकार स्कूल, पुलिस विभाग, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से विभिन्न स्वांगों पर झांकियों की प्रस्तुति दी गई। झांकी प्रभारी सालगराम परिहार ने बताया कि निर्णायकों के अनुसार उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय की झांकी प्रथम, नवकार स्कूल की झांकी द्वितीय व प्रदूषण नियंत्रण मंडल बालोतरा की झांकी तीसरे नंबर पर रही। अव्वल रही झांकी के आयोजकों को नगरपरिषद बालोतरा ने नकद पुरस्कार देकर नवाजा।
हर्षोल्लास से मनाया गणतंत्र दिवस
सिवाना. उपखंड क्षेत्र में गणतंत्र दिवस पर्व उत्साह से मनाया। मुख्य समारोह राउमावि प्रांगण में आयोजित हुआ। रविवार सुबह 9:0 बजे एसडीएम गोमती शर्मा ने ध्वजारोहण किया तथा एसडीएम व विधायक हमीरसिंह भायल ने सामूहिक रूप से मार्च-पास्ट की सलामी लेते हुए परेड का निरीक्षण किया। कस्बे के सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं व एनसीसी कैडेट्स ने सामूहिक रूप से परेड एवं व्यायाम प्रदर्शन किया। मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने नकद इनाम देकर छात्र-छात्राओं का हौसला अफजाई की। समारोह में खंड मुख्य चिकित्सा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नवकार विद्या मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर, साक्षरता विभाग की ओर से झांकियों का प्रदर्शन कर बाल-विवाह, असाक्षरता, बेटा-बेटी एक सम्मान बीमारियों से बचाव का संदेश दिया। मिष्ठान वितरण भामाशाह जैठमल तातेड़ व पुरस्कार व स्मृति चिह्न रज्जाकशाह ताजक शाह सांई की ओर से प्रदान किए। समारोह को विधायक भायल ने संबोधित कर देश के वीर शहीदों को याद करते हुए क्षेत्र में चहुंमुखी विकास करवाने की संकल्पता दोहराई। समारोह में पूर्व विधायक मोटाराम मेघवाल, पूर्व प्रधान मूलसिंह भायल, मंडल महामंत्री महेंद्र छाजेड़, उप सरपंच रमेश सांखला, भाकि संघ अध्यक्ष कानसिंह खींची, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष सोहनसिंह भायल, यासिन खां पठान, तहसीलदार हड़मानराम चौधरी मौजूद थे। इसी प्रकार राप्रावि जूंझाजी की ढाणी कुसीप में आयोजित समारोह में कुसीप सरपंच हुकमसिंह खींची ने ध्वजारोहण किया। भामाशाह पुखराज देवासी ने छात्रों को मिष्ठान व पुरस्कार का वितरण किया । एवं स्कूल में मुख्य पेट पर बोर्ड बनवाकर भेंट किया।