- Hindi News
- सुरक्षा में सेंध, खुले में करोड़ों के उपकरण
सुरक्षा में सेंध, खुले में करोड़ों के उपकरण
लाखाराम जाखड़ - बाड़मेर
जिला मुख्यालय स्थित डिस्कॉम कार्यालय में करोड़ों के बिजली उपकरण खुले में ही पड़े है, जिनकी सुरक्षा को लेकर चारदीवारी भी पर्याप्त नहीं है। ऐसे में डिस्कॉम की यह लापरवाही कभी भी सुरक्षा में सेंध साबित हो सकती है। करोड़ों के उपकरणों की जिम्मेदारी को लेकर डिस्कॉम गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
इंदिरा कॉलोनी स्थित डिस्कॉम कार्यालय में बिजली उपकरणों के रखरखाव को लेकर कोई धणी-धोरी नहीं है। विभागीय लापरवाही के चलते करोड़ों के उपकरणों को खुले में डाल दिया जाता है। जिससे बरसात में जंग लगने के साथ ही सुरक्षा दीवार की कमी से हर समय चोरी होने का डर रहता है। बाड़मेर सब डिवीजन क्षेत्र में खराब होने वाले विद्युत मीटर, ट्रांसफार्मर व अन्य विद्युत उपकरण है, जो इन दिनों बाड़मेर ग्रामीण सब डिवीजन ऑफिस के इर्द-गिर्द खुले में ही पड़े है।
तीन फीट चार दीवारी के भरोसे सुरक्षा
डिस्कॉम कार्यालय में जहां करोड़ों के बिजली उपकरण पड़े है उनकी सुरक्षा के लिए महज तीन फीट चारदीवारी है। जिस पर तारबंदी ही नहीं है। ऐसे में पर्याप्त चारदीवारी के अभाव में चोरी की वारदात का अंदेशा हर समय बना रहता है।
धूल फांक रहा 20 लाख का ट्रांसफार्मर
रीको इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित शहर द्वितीय के सब डिवीजन कार्यालय में पिछले पांच साल से 20 लाख रुपए की लागत का विद्युत ट्रांसफार्मर धूल फांक रहा है। जिसको लेकर विद्युत विभाग के अधिकारी भी गंभीरता नहीं दिखा रहे है। 5 एमवीए पॉवर क्षमता का यह ट्रांसफार्मर वर्ष 1989 का है। वर्ष 2009 में यह ट्रांसफार्मर खराब हो गया। ऐसे में गारंटी पीरियड की अवधि पार करने के बाद कंपनी इस ट्रांसफार्मर को रिप्लेस नहीं करेगी। ऐसी स्थिति में इसे नीलाम किया जाना था। लेकिन डिस्कॉम अधिकारियों की ओर से इस प्रक्रिया को अंजाम नहीं दिया गया।
सुरक्षा दीवार बनाएंगे
॥डिस्कॉम कार्यालय के चारों ओर सुरक्षा दीवार का बनाई जाएगी। इसके लिए टेंडर जारी कर जल्द ही सुरक्षा दीवार बनाई जाएगी, ताकि किसी तरह की वारदात नहीं हो।
प्रेमजीत धोबी, अधीक्षण अभियंता, डिस्कॉम।
॥यिह ट्रांसफार्मर गारंटी पीरियड में नहीं है। इसको ऑक्सन करना करने के लिए पहले भी प्रक्रिया निकाली थी, लेकिन बराबर भाव नहीं मिले है।
पुखराज सेठिया, स्टोर इंचार्ज, शहर द्वितीय।
:बाड़मेर. डिस्कॉम कार्यालय की सुरक्षा दीवार एवं शहर द्वितीय डिस्कॉम कार्यालय पर कई वर्षों से खराब नकारा पड़ा ट्रांसफार्मर।
:बाड़मेर. डिस्कॉम कार्यालय में खुले में पड़े ट्रांसफार्मर।
ट्रांसफार्मर चोर सक्रिय
जिले में पिछले एक-दो साल में ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातों में तेजी से इजाफा हुआ है। चलती विद्युत लाइन को काट कई बार ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातों को अंजाम दे चोर ट्रांसफार्मर चुरा ले गए। इस तरह के हर माह कई मामले डिस्कॉम अधिकारियों के ध्यान में आते है, लेकिन जिला मुख्यालय के इस कार्यालय परिसर की सुरक्षा को लेकर डिस्कॉम के अधिकारी गंभीर नहीं है।
इंदिरा कॉलोनी स्थित कार्यालय के चारों ओर सुरक्षा दीवार की कमी, महज तीन फीट ही है दीवार