सरकार पेंशन का समय पर दें : जैन
बाड़मेर/जयपुर. विधायक मेवाराम जैन ने मंगलवार को विधानसभा में जिले में पेंशनों का भुगतान समय पर करने एवं जिले में 281 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर एएनएम नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने सदन में प्रश्न के जरिए सरकार का ध्यान आकृष्ट किया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी सामाजिक पेंशन योजना को सरकार गंभीरता से नहीं
ले रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेंशनों का भुगतान नहीं हो रहा है। जैन ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने आमजन के हितों को सर्वोपरि मानते हुए जिले में वर्ष 2009 से दिसंबर 2013 तक कुल 165255 विभिन्न श्रेणियों की सामाजिक पेंशन स्वीकृत की है। लेकिन वर्तमान में सरकार की उदासीनता के चलते पेंशनों का समय पर भुगतान नहीं हो रहा। उन्होंने मांग की है कि सरकार जनहित में पेंशनों का भुगतान समय पर करवाए।विधायक ने जिले में बड़ी संख्या में बंद पड़े उप स्वास्थ्य केंद्र का मामला सरकार के ध्यान में लाते हुए बताया कि बाड़मेर जिले में 281 उप स्वास्थ्य केंद्र ऐसे हैं जहां कोई महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता पदस्थापित नहीं है। इसके साथ-साथ 244 उप स्वास्थ्य केंद्र जो भवन रहित है। उन्होंने सरकार का ध्यान आकृष्ट किया कि सरकार यह सुनिश्चित करें कि जिले में बंद पड़े उप स्वास्थ्य केंद्रों पर जल्द एएनएम की नियुक्ति हो। जिले में बड़ी संख्या में बंद पड़े उप स्वास्थ्य केंद्रों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा व्यवस्था चरमराई हुई है।