- Hindi News
- तैलियों के मोहल्ले में व्यर्थ बह रहा पानी, लोगों में रोष
तैलियों के मोहल्ले में व्यर्थ बह रहा पानी, लोगों में रोष
बाड़मेर. शहर स्थित तैलियों के मोहल्ले में मंगलवार को सड़क पर व्यर्थ पानी बहता रहा है। सड़क पर व्यर्थ बह रहे पानी से मोहल्लेवासियों में आक्रोश व्याप्त है। वार्ड संख्या 23 में पिछले 20 दिन से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं आरयूडीपी की पाइप लाइन के लीकेज होने से पानी सड़कों पर बह रहा हैं। तैलियों का वास निवासी हाजी नजीर मोहम्मद ने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को इस बारे में कई बार अवगत कराया। इसके बावजूद लीकेज लाइन को सही नहीं करवाया जा रहा है जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि मोहल्ले में स्थित जामा मस्जिद में नमाज अदा करने जाने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। वहीं दूसरी ओर इसी सड़क पर स्थित बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत छात्राएं भी सड़क पर व्यर्थ बह रहे पानी से परेशान है। मोहल्लेवासियों ने इसकी जानकारी पूर्व पार्षद असरफ खिलजी को दी जिस पर उन्होंने मौके पर जाकर मामले की जानकारी ली और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के चीफ इंजीनियर डीसी विश्नोई को दूरभाष पर जानकारी दी। साथ ही उन्होंने शहर के विभिन्न वार्डों में ऐसी समस्याओं से अवगत करवाया जिस पर उन्होंने त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।