किस काम के करोड़ों की लागत के भवन
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
गत वर्ष जैसलमेर में विकास के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए। विभिन्न योजनाओं के तहत कई भवनों का निर्माण हुआ। इस दौरान जब भी किसी नेता का आगमन होता तो उनसे दनादन लोकार्पण करवा दिए जाते। बड़े बड़े कार्यक्रम व समारोह आयोजित कर हजारों रुपए भी खर्च किए गए। लेकिन धरातल पर स्थिति यह है कि जिन भवनों का लोकार्पण किया गया उनका आज तक लोगों की सेवा में अर्पण नहीं
हुआ है।
वास्तविकता यह है कि करोड़ों की लागत से बने भवन इन दिनों तालों में कैद पड़े हैं और उनका कुछ भी उपयोग नहीं हो रहा है। भास्कर ने मंगलवार को शहरी क्षेत्र में बने इस तरह के कुछ भवनों का अवलोकन किया तो चौंकाने वाली स्थिति देखने को मिली। किसी के लोकार्पण को चार माह तो किसी को सात माह, यहां तक कि कुछ भवनों का लोकार्पण तो दो से ढाई साल पहले हो गया था मगर उनका लाभ आमजन को अभी तक मिलना शुरू नहीं हुआ है। कहने को तो जनकल्याणकारी योजनाओं में काम हुआ है लेकिन उनका उद्देश्य अभी तक पूरा होता दिखाई नहीं दे रहा है।
ञ्चभास्कर की खबर के बाद कलेक्टर ने दिए आदेश
केवल किसानों से खरीदी जाए मूंगफली
भास्कर न्यूज - जैसलमेर
जिले के चांधन व राजमथाई में शुरू हुए मूंगफली क्रय केन्द्र पर केवल किसानों से मूंगफली खरीदने के आदेश कलेक्टर एनएल. मीना ने जारी किए हैं। गौरतलब है कि चांधन व राजमथाई में देरी से मूंगफली का क्रय केन्द्र शुरू हुआ। भास्कर ने इस संबंध में मंगलवार को ही खबर प्रकाशित की थी कि बिचौलिए बेचेंगे मूंगफली। जानकारी के अनुसार किसानों ने पूर्व में बिचौलियों व व्यापारियों को 2800 से 3 हजार रुपए प्रति क्विंटल मूंगफली बेच दी और अब सरकारी केन्द्र पर मूंगफली के भाव 4 हजार रुपए प्रति क्विंटल आए हैं। ऐसे में बिचौलिए व व्यापारी द्वारा किसानों से खरीदी गई मूंगफली सरकारी केन्द्र पर बेचने की संभावनाएं बढ़ गई है।
मंगलवार को भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद कलेक्टर एनएल. मीना ने एक आदेश जारी कर बताया कि जिले के ग्राम चांधन एवं ग्राम राजमथाई में समर्थन मूल्य पर मूंगफली क्रय के लिए केवल काश्तकारों से ही ली जाए। समर्थन मूल्य पर खरीद के समय गिरदावरी की नकलें मांगने का प्रावधान रखा गया है। बाजार मूल्यों से अधिक अंतर एवं बढ़ती आवक को देखते हुए व्यापारी वर्ग से ही खरीद केन्द्रों पर मूंगफली बेचने के प्रयास करने की संभावना को देखते हुए जिला रसद अधिकारी जैसलमेर को आदेश किया है कि वे इन केन्द्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो इसकी पूरी निगरानी रखें एवं केवल पात्र व्यक्तियों से ही समर्थन मूल्य पर मूंगफ ली खरीद के लिए स्वीकार की जाए। कलेक्टर मीना ने उपखण्ड अधिकारी जैसलमेर एवं पोकरण को भी आदेशित किया है कि वे अपने अपने क्षेत्र में समर्थन मूल्य पर स्थापित किए गए मूंगफ ली क्रय केन्द्रों का समय समय पर ओचक निरीक्षण कर पालना रिपोर्ट प्रेषित करें।