- Hindi News
- भैरव रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
भैरव रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
भास्कर न्यूज - बालोतरा
श्री नाकोड़ा तीर्थ पर १२ फरवरी को श्री नाकोड़ा भैरव प्रतिष्ठा दिवस पर आयोजित होने वाले भैरव रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर नाकोड़ा ट्रस्ट मंडल की बैठक आयोजित हुई।
रथ यात्रा कार्यक्रम के संयोजक हुलास बाफना ने बताया कि भैरव रथ यात्रा १२ फरवरी को सवेरे ७ बजे पाश्र्व भवन बालोतरा से नाकोड़ा तीर्थ दर्शनार्थ रवाना होगी। नाकोड़ा ट्रस्ट के अध्यक्ष अमृतलाल जैन ने बताया कि रथ यात्रा में देशभर से भैरव भक्त नाकोड़ा तक पैदल चलकर भैरूजी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करेंगे। सह संयोजक मदनलाल सालेचा ने बताया कि रथ यात्रा में भैरूजी का रथ, जयपुर के जीया बैंड का बैंड वादन, गुजरात के लोक नृत्य, गैर नृत्य, हाथी, घोड़ा विभिन्न झांकियां व ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-झूमते भाग लेंगे, जो आकर्षण का केंद्र होंगे। उपाध्यक्ष भूरचंद जीरावला ने बताया कि तीर्थ पर उसी दिन भैरव महाभिषेक कार्यक्रम प्राचार्य नरेंद्रभाई कोरडिय़ा की ओर से आयोजित करवाया जाएगा तथा दोपहर में स्वामी वात्सल्य का आयोजन होगा। रात्रि में आयोजित भक्ति संध्या में कलकत्ता के संगीतकार सुरेंद्रकुमार बैंगाणी एंड पार्टी की ओर से भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दी जाएगी। कोषाध्यक्ष गणपतचंद पटवारी ने बताया कि १३ फरवरी को युवा संगीतकार रत्न विक्की डी पारेख मुंबई की ओर से भैरव महापूजन एवं भक्ति का आयोजन होगा।
कार्यक्रम के लाभार्थी नाकोड़ा पूर्णिमा मित्र मंडल होंगे। बैठक में ट्रस्टी अनिल सिंघवी, भंवरलाल खिवेंसरा, ज्ञानीराम मालू, नवरतनलाल श्रीश्रीमाल, पारसमल धारीवाल, रघुनाथमलन देसाई, रणवीर गेमावत, रतनलाल बोहरा, शीतलराज भंसाली, उत्तमचंद मेहता, वीरचंद वडेरा, चंपालाल पारख, महावीरचंद तातेड़ तथा उदयराज जैन ने भाग लेकर रथ यात्रा के आयोजन को लेकर विचार व्यक्त किए।