- Hindi News
- पहले पैसे निकालने में मदद की, फिर गिनने के बहाने उड़ा ले गया ९ हजार
पहले पैसे निकालने में मदद की, फिर गिनने के बहाने उड़ा ले गया ९ हजार
भास्कर न्यूज - बालोतरा
स्थानीय एसबीबीजे शाखा में एक बदमाश ने एक विधवा महिला की आंखों में धूल झोंक कर नौ हजार रुपए उड़ा ले गया। घटना १९ जनवरी की है। इस संबंध में घटना की शिकार हुई विधवा महिला हरकूदेवी पत्नी बालूराम जीनगर निवासी सांसी कॉलोनी बालोतरा ने बुधवार को स्थानीय थाने में रिपोर्ट पेश की।
पेश रिपोर्ट में उसने बताया कि वह १९ जनवरी को दोपहर करीब २ बजे एसबीबीजे बैंक में पेंशन के रुपए निकालने के लिए गई थी। वह अनपढ़ होने के कारण बैंक में एक अनजान व्यक्ति से उसने १० हजार रुपए का विड्रोल भरने के लिए कहा। व्यक्ति के विड्रोल भरने के बाद विधवा महिला ने केश काउंटर से रुपए निकाले और गिनने के लिए कुर्सी पर बैठ गई। जहां पहले से खड़े वही अनजान व्यक्ति ने विधवा महिला से कहा कि कोई नोट नकली तो नहीं आया, दिजीए मुझे चेक कर देता हूं। इस पर महिला ने भरोसा करते हुए नोटों की गड्ढी उस व्यक्ति को थमा दी।
व्यक्ति ने रुपए गिनने के बाद डायरी थैली में डालकर दे दी। इसके बाद विधवा ने घर आकर देखा तो डायरी में केवल एक हजार रुपए ही थे। विधवा महिला ने तुरंत इस संबंध में बैंक मैनेजर को अवगत कराया। रिपोर्ट में महिला ने बताया कि बैंक मैनेजर की ओर से बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी व्यक्ति की यह गतिविधि देखी गई है।