‘विवि का नाम परिवर्तन बर्दाश्त नहीं’
बाड़मेर. राज्य सरकार ने सीकर में महाराव शेखाजी विश्वविद्यालय का नाम परिवर्तन कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय करने का प्रदेशभर में प्रताप युवा शक्ति के नेतृत्व में कड़ा विरोध जताया है। बाड़मेर में प्रताप युवा शक्ति के बैनर तले युवाओं ने विश्वविद्यालय का नाम परिवर्तन करने पर सरकार का विरोध किया।
इस अवसर पर युवाओं ने राव शेखाजी व छात्रशक्ति जिंदाबाद के जैकारे लगाए। प्रताप युवा शक्ति के युवा नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां जिलाध्यक्ष भोमसिंह बलाई के नेतृत्व में कलेक्टर भानु प्रकाश एटूरू को मुख्यमंत्री, राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष ने युवाओं से कहा कि शेखावटी क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से अनवरत प्रयास के बाद पूर्व राज्य सरकार ने सीकर में विश्वविद्यालय का नाम महाराव शोखाजी के नाम से मंजूरी दी थी। शेखावटी आंचल का नाम महाराव शेखाजी के नाम से जाना जाता है। ऐसे में वर्तमान सरकार ने विश्वविद्यालय का नाम परिवर्तन कर राज्य की जनभावना के साथ खिलवाड़ है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।छात्रनेता धर्मेंद्र सिंह सोढ़ा ने कहा कि सरकार के इस कदम से युवाओं में आक्रोश व्याप्त है। कुंदनसिंह बावड़ी ने कहा कि समय रहते अगर युवा शक्ति की मांग पर अमल नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर महिपाल सिंह, भवानीसिंह, देरावरसिंह बलाई, गजेंद्रसिंह गोरडिय़ा, आवड़सिंह, स्वरूपसिंह, सुल्तानसिंह, आईदानसिंह आरंग, छोटूसिंह, कमलसिंह, संदूपालसिंह कोटड़ा, लोकेंद्रसिंह राठौड़, सरूपसिंह व सांगसिंह सहित कई युवा मौजूद थे।