- Hindi News
- ‘व्यक्तित्व का निर्माण मजबूत इरादों से ही संभव’
‘व्यक्तित्व का निर्माण मजबूत इरादों से ही संभव’
भास्कर न्यूज - बालोतरा
डीआरजे राजकीय कन्या कॉलेज में युवा विकास केंद्र के तत्वावधान में गुरुवार को व्यक्तित्व विकास पर व्याख्यान एवं परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित हुआ।
राजकीय कॉलेज सोजत सिटी के विषय विशेषज्ञ डॉ. हरिदास व्यास ने कहा कि व्यक्तित्व में बाह्य व्यक्तित्व से अधिक महत्व आंतरिक व्यक्तित्व का होता है। व्यक्तित्व का निर्माण और विकास मजबूत इरादों, खुद पर विश्वास व एकाग्रता से ही संभव है। डॉ. व्यास ने धर्म ग्रंथों से उदाहरण देते हुए राम, कृष्ण, सीता, उर्मिला, अष्टावक्र आदि को उद्घृत करते हुए कहा कि अच्छे व्यक्तित्व वाले केवल पाते ही नहीं , अपितु जीवन में बहुत कुछ खोकर अच्छे कहलाते हैं। उन्होंने कहा कि अब्राहम लिंकन, अरस्तू, महात्मा गांधी, अब्दुल कलाम जैसे महान व्यक्तित्व शरीर सौष्ठव से नहीं, बल्कि अपने फौलादी इरादों व कार्यों से जाने जाते हैं। डॉ. व्यास ने व्यक्तित्व विकास के लिए अधिकाधिक ज्ञान प्राप्ति, हिम्मत, जज्बे और जुनून आदि को आवश्यक बताया। युवा विकास केंद्र की नोडल अधिकारी डॉ. संतोष जाखोटिया ने डॉ. व्यास का स्वागत किया तथा छात्राओं से आह्वान किया कि अपनी काबिलियत को पहचाने व अपने आप को आगे बढ़ाएं। प्राचार्य एमएल मोदी ने छात्राओं से कहा कि अपने कॅरिअर एवं पाठ्यक्रम से ऊपर उठकर सोचे व चहुंमुखी ज्ञान प्राप्त कर अपने व्यक्तित्व को निखारें। जया, निधि, पिंकी, खुशबू, पूजा, पवनी, ललिता आदि छात्राओं ने डॉ. व्यास से प्रश्न कर विषय के विविध पहलुओं पर बातचीत की। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. कमलजीत कौर मेहता, डॉ. कमलदेव चौधरी, ओपी टेलर, अनुराधा सक्सेना एवं डॉ. संध्या चंपावत आदि मौजूद थे। शर्मिला छल्लानी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।