जिनको रोटी के लाले, उनसे भी वसूली!
मनोहरसिंह खोखर - बालोतरा
ऐसे परिवार जो आर्थिक दृष्टि से पिछड़े हुए हैं और गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करते हैं, जिनके लिए दो वक्त की रोटी पाना भी टेढ़ी खीर सा है। उन्हें लाभ मिले, इसके लिए सरकार ने जहां फायदे वाली योजनाएं संचालित कर रखी है, लेकिन बालोतरा नगरपरिषद के कुछ कारिंदे इनसे भी नहीं चूक रहे। चौकाने वाली बात यह सामने आई है कि नगरपरिषद कार्यालय में कार्यरत कुछ कर्मचारी बीपीएल धारकों से राशन प्राप्ति के लिए नगरपरिषद से मिलने वाले कूपन डायरी पर मनचाही राशि वसूल रहे हैं। जबकि नियमानुसार ५ सदस्यों पर मिलने वाले कूपन डायरी की राशि १० रुपए तथा उससे अतिरिक्त होने पर एक सदस्य पर अतिरिक्त पांच किलो के लिए पांच रुपए में एक और कूपन डायरी दी जाती है। लेकिन शिकायत मिली कि बालोतरा नगरपरिषद कार्मिक इन कूपनों की मनचाही राशि वसूल रहे हैं। बीपीएलधारकों की इन शिकायतों पर भास्कर टीम ने नगरपरिषद पहुंच पड़ताल की तो कार्मिकों की यह स्थिति सामने आई। कार्मिक किसी बीपीएल धारक से एक कूपन डायरी के 10 रुपए की जगह २० तो किसी से ४० रुपए तक वसूल रहे थे। वहीं पांच सदस्यों से अतिरिक्त सदस्य होने पर भी उनसे भी पांच रुपए की बजाय मनचाही राशि वसूल गरीबों की जेब ढीली कर रहे हैं।