तीन सरपंचों के उप चुनाव 14 को
भास्कर न्यूज - बाड़मेर
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायती राज संस्थाओं में 30 नवम्बर, 2013 तक रिक्त हुए पदों के उप चुनाव का कार्यक्रम घोषित किए गए है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण पुरोहित ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य का उप चुनाव नियम 58 ए के तहत निर्वाचन की अधिसूचना 30 जनवरी को जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तारीख 3 फरवरी को अपरान्ह 3.00 बजे तक रहेगी। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 4 फरवरी को की जाएगी। 5 फरवरी को अपरान्ह तीन बजे तक नाम निर्देशन पत्र वापिस लिए जा सकेंगे। वहीं 5 फरवरी को अपरान्ह तीन बजे के बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। मतदान यदि आवश्यक हुआ तो 14 फरवरी को सुबह 8.00 बजे से सायं 5.00 बजे तक होगा तथा मतों की गणना 17 फरवरी को सुबह 8.00 बजे से की जाएगी। उप प्रधान का चुनाव 18 फरवरी को होगा। इसी प्रकार पंच/सरपंच के उप चुनाव के लिए नियम 23 एवं 55 के अन्तर्गत 30 जनवरी को लोक नोटिस जारी कर दिया गया है। नाम निर्देशन पत्रों की प्राप्ति 13 फरवरी को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक, नाम निर्देशनों की संवीक्षा प्रात: 11.30 बजे से की जाएगी तथा इसी दिन अपरान्ह 3.00 बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकेगी। मतदान यदि आवश्यक हुआ तो 14 फरवरी को प्रात: 8.00 बजे से सायं 5.00 बजे तक होगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात मतो की गणना की जाएगी। उप सरपंच का चुनाव 15 फरवरी को होगा।
इन पंचायतों के चुनाव
जिले में सिवाना पंचायत समिति में पंचायत समिति सदस्य संख्या 09 व बायतु पंचायत समिति में पंचायत समिति सदस्य संख्या 16 तथा चौहटन पंचायत समिति में उपरला सरपंच, बाड़मेर पंचायत समिति में हाथमा सरपंच व सिवाना पंचायत समिति में कोटड़ी सरपंच तथा बालोतरा पंचायत समिति में आसोतरा पंचायत में वार्ड पंच संख्यांक12, धोरीमना पंचायत समिति में सोनडी पंचायत में वार्ड पंच संख्यांक 7 व बिसारणिया पंचायत में वार्ड पंच संख्यांक 9, बायतु पंचायत समिति में खोखसर पश्चिम पंचायत में वार्ड पंच संख्यांक 6, भाडखा पंचायत में वार्ड पंच संख्यांक 2 व बायतु भोपजी पंचायत में वार्ड पंच संख्यांक 3 के रिक्त स्थानों पर उप चुनाव कराए जाएंगें।
रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त
जिला निर्वाचन अधिकारी ((पंचायत)) भानु प्रकाश एटूरू द्वारा एक आदेश जारी कर उप चुनाव को लेकर रिटर्निंग ऑफिसर व सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किए है।
वार्ड 1 में उप चुनाव
नगर परिषद बाड़मेर के वार्ड संख्या 1 ((सामान्य)) में पार्षद का उप चुनाव सम्पन्न कराने के लिए उपखण्ड मजिस्ट्रेट बाड़मेर को रिटर्निंग ऑफिसर तथा तहसीलदार बाड़मेर को सहायक रिटर्निंग आफिसर नियुक्त किया गया है। रिटर्निंग आफिसर ((एसडीएम)) राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि नगर परिषद बाड़मेर के वार्ड संख्या 1 के पार्षद के उप चुनाव के लिए 30 जनवरी को लोक सूचना जारी कर दी गई है। 3 फरवरी तक प्रात: 10.30 बजे से अपरान्ह 3.00 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 4 फरवरी को की जाएगी तथा 6 फरवरी को अपरान्ह तीन बजे तक अभ्यर्थिता वापिस ली जा सकेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 7 फरवरी को किया जाएगा तथा मतदान यदि आवश्यक हुआ तो 14 फरवरी को प्रात: 8 बजे से सायं 5 बजे तक कराया जाएगा तथा मतों की गणना 17 फरवरी को प्रात: 8.00 बजे से की जाएगी।
पंचायती राज संस्थाओं में रिक्त पदों के होंगे चुनाव, उप प्रधान का चुनाव 18 फरवरी को