- Hindi News
- 24 घंटे में हुई 18 एमएम बारिशथमने का नाम नहीं ले रही बारिश, बारिश से लबालब हुआ शहर
24 घंटे में हुई 18 एमएम बारिशथमने का नाम नहीं ले रही बारिश, बारिश से लबालब हुआ शहर
भास्कर न्यूज क्चधौलपुर
मंगलवार दोपहर शुरू हुई बारिश 24 घंटे बाद भी थमने का नाम नहीं ले रही। अभी तक शहर में करीब 27 एमएम बारिश हो चुकी है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह 45 से 50 एमएम तक बारिश हुई है। लगातार हो रही बरसात के कारण तापमान में भी दो डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। इसके चलते ठंड का असर बढ़ा है।
गौरतलब है कि मंगलवार की दोपहर में बूंदाबांदी के साथ बारिश की शुरूआत हुई थी। कुछ ही देर बाद झमाझम शुरू हो गई और अब तक लगातार बारिश जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को न्यूनतम तापमान 8 एवं अधिकतम तापमान 17 डिग्री मापा गया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक बारिश के चलते आठ डिग्री के सापेक्ष छह डिग्री तापमान अनुभव किया गया।
लगातार हो रही बारिश के कारण शहर में जीटी रोड के सर्विस लेन समेत विभिन्न कालोनियों की सड़कों पर एक से डेढ़ फुट तक पानी भर गया है। ऐसी स्थिति में यह पानी कई जगह घरों में भी घुसने लगा है। खासतौर पर कायस्थपाड़ा, तलैया मोहल्ला, अस्पताल रोड, गोशाला, सब्जी मंडी, लाल बाजार आदि स्थानों पर पानी भर गया। वहीं संतर रोड, धूलकोट रोड, सैंपऊ रोड पर कीचड़ एवं जलभराव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। बारिश के कारण नागरिकों का कामकाज प्रभावित हुआ। सुबह सात बजे से दस बजे तक स्थिति यहां तक आ गई कि घरों से निकलना मुश्किल हो गया। ऐसे में दफ्तरों में भी बहुत कम लोग पहुंचे। वहीं स्कूलों में अघोषित छुट्टी रही।
सैंपऊ: कस्बा सहित क्षेत्र में बुधवार को ४७ एमएम बारिश हुई। मंगलवार दोपहर से शुरू हुई यह बारिश बुधवार की देर शाम तक जारी रही। इससे नागरिकों का दिनचर्या अस्त व्यस्त हो गई। वहीं खेतों में जलभराव होने के कारण किसानों को अभी से फसल पर खतरे के बादल मंडराते दिख रहे है।