विधायक की तलाश में छापेमारी
भास्कर न्यूज - धौलपुर/मनियां
शहर विधायक बनवारी लाल कुशवाह एवं उनकी पत्नी शोभा रानी की तलाश में पुलिस ने बुधवार को फिर छापेमारी की। लेकिन फिर से पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें मंगलवार की देर शाम सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ एवं ग्वालियर मामले के दो आरोपी कन्हैया लाल कुशवाह एवं विधायक की पत्नी शोभारानी अपने ठिकानों पर मौजूद है। सूचना पर एसएचओ दिहोली वंशीलाल फागना, एसएचओ राजाखेड़ा मुरारी लाल मीणा, कोलारी एसएचओ मोहन सिंह जोधा एवं मनियां थाने से एएसआई लक्ष्मण सिंह ने जाप्ते के साथ विधायक के पैत्रिक आवास, फार्म हाउस एवं खेतों में दबिश दी। सुबह तड़के शुरू हुई यह कार्रवाई दोपहर बाद तक जारी रही, बावजूद इसके पुलिस को कुछ भी हाथ नहीं लगा है। कार्रवाई में एक इंस्पेक्टर, दो सब इंस्पेक्टर, एक एएसआई के साथ करीब 40 जवानों की टीम शामिल थी।
विधायक की पत्नी ने भी दिया था झूठा शपथ पत्र
विधानसभा चुनावों में शहर विधायक बनवारी लाल की पत्नी शोभा रानी ने भी निर्वाचन विभाग को झूठा शपथ पत्र दिया था। इसमें शोभारानी ने बताया था कि उसके खिलाफ किसी भी न्यायालय में कोई मामला लंबित नहीं है। जबकि छत्तीसगढ़ की अदालत से उनकी गिरफ्तारी के लिए वर्ष 2011 में ही वारंट जारी हो चुका है। विधायक की पत्नी ने बाद में अपना नामांकन वापस ले लिया है। यह मामला सामने आने के बाद कार्रवाई के लिए जिला कलेक्टर ने निर्वाचन विभाग से राय मांगी है।