जिले में खुलेंगे चार आवासीय मॉडल स्कूल
भास्कर न्यूज - धौलपुर
जिले के विद्यार्थियों को जल्द ही शिक्षा एवं आवास की उच्च स्तरीय सुविधा मुहैया होगी। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में 4 मॉडल स्कूल स्थापित किए जाने है। इन पर करीब 12 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
मॉडल स्कूलों के निर्माण के लिए जमीन आवंटित के साथ डिजाइन तैयार हो चुके हैं। भवन निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी हो चुकी है। बजट आवंटित होने की प्रक्रिया जारी है। प्रत्येक मॉडल स्कूल के निर्माण पर करीब 3 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। बसेड़ी ब्लॉक के मॉडल स्कूल का इसी सत्र में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2011 में जवाहर नवोदय विद्यालय की तर्ज पर जिले में रमसा की ओर से मॉडल स्कूल खोले जाने प्रस्तावित है। प्रदेश में इस तरह के 146 मॉडल स्कूल खोले जाने है। 30 विद्यालयों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसमें विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा एवं आवास की व्यवस्था मुहैया कराया जाना सुनिश्चित है। इन मॉडल स्कूलों में कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थी प्रवेश ले सकेंगे। रमसा के अनुसार बसेड़ी में हिंगोटा नर्सरी के पास 8.5 बीघा, बाड़ी में अलीगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में 8 बीघा, धौलपुर में प्रेरणानगर में 12 बीघा तथा राजाखेड़ा में गंगोलिया के पास 15 बीघा जमीन आवंटित की गई है। सबसे पहले बसेड़ी में मॉडल स्कूल के निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। क्योंकि रमसा ने इसे सैकंड फेज में लिया है। धौलपुर एवं राजाखेड़ा में ब्लाकों में मॉडल स्कूल थर्ड फेज में बनेंगे और चतुर्थ फेज में बाड़ी ब्लॉक में मॉडल स्कूल का निर्माण कार्य शुरू होगा। इनकी टेंडर प्रक्रिया राज्यस्तर पर होगी और निर्माण एजेंसी सार्वजनिक निर्माण विभाग होगी। इन विद्यालयों में कक्षा कक्ष, छात्रावास, खेल मैदान, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष आदि बनेंगे।
॥रमसा की ओर से जिले में 4 मॉडल स्कूल खोले जाएंगे। स्कूल निर्माण के लिए प्रशासनीक स्वीकृति जारी हो चुकी है। सैकेंड फेज में सबसे पहले बसेड़ी में मॉडल स्कूल का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
-मुकेश गर्ग, एडीपीसी, रमसा