सर्विस लेन निर्माण के लिए हटाए कब्जे
भिवाड़ी. नगर विकास न्यास की ओर से बुधवार को कस्बे के बाईपास रोड पर धारूहेड़ा मोड से टोल नाके तक मार्ग के दोनों ओर सर्विस लेन निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाया गया। सर्विस लेन मार्ग के मध्य से उत्पाद कर कार्यालय की ओर 95 मीटर व भगतसिंह कालोनी की ओर 55 मीटर दूर तक सर्विस लेन बनेगी। सड़क की चौड़ाई 7 मीटर होगी। दो करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सर्विस लेन के लिए न्यास ने टैंडर भी जारी कर दिए हैं। बुधवार को न्यास उपसचिव पुष्पेन्द्र सिंह ने मौके पर पहुंच कर जेसीबी की सहायता से सर्विस लेन क्षेत्र में आ रहे होर्डिंग हटावाए तथा पक्के निर्माणों पर लाल निशान लगवा कर उनके मालिकों को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता वीके सक्सेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।