- Hindi News
- टोल देने के बाद भी गड्ढों में सफरक्षतिग्रस्त हो गया हाईवे का सर्विस लेन
टोल देने के बाद भी गड्ढों में सफरक्षतिग्रस्त हो गया हाईवे का सर्विस लेन
भास्कर न्यूज - धौलपुर
जीटी रोड पर टोल चुकाने के बावजूद वाहन चालकों को गड्ढो में सफर करना पड़ रहा है। एनएचएआई की लापरवाही के चलते हाईवे तो पहले से ही बंद है, अब सर्विस लेन को भी बंद करने की नौबत आ गई है। खासतौर पर शहर में हाईवे के दोनों ओर सर्विसलेन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
गौरतलब है कि मेन हाईवे बंद होने के बाद पिछले साल सर्विसलेन से भारी वाहनों का आवागमन शुरू किया गया था। तब से आज तक कभी भी सर्विसलेन की मरम्मत नहीं हुई। सर्विस लेन बरसात में ही बुरी तरह उखड़ गई थी। इस सड़क पर दो बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। पिछले महीने ही यहां हुई दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। खराब सड़क से चालकों का समय तो बर्बाद होता ही है, इंधन की खपत भी बढ़ जाती है। ऐसे में प्रदूषण भी खूब होता है। एनएचएआई द्वारा हाईवे एवं सर्विस लेन की सफाई की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में हमेशा इस सड़क पर धूल उड़ती रहती है।
नगर परिषद पर जिम्मेदारी डालकर बच रहा है एनएचएआई: लगातार हो रही दुर्घटना एवं गंदगी की समस्या से निपटने के बजाय हाईवे अथारिटी के अधिकारी नगर परिषद के कंधे पर जिम्मेदारी डालकर अपना पीछा छुड़ाने में लगे है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर एसके मिश्रा के मुताबिक सारी अव्यवस्था नगर परिषद द्वारा हाईवे पर पानी छोड़े जाने की वजह से है। इस समस्या को जिला कलेक्टर की मीटिंग में भी उठाया जा चुका है।
क्यों होती है टोल की वसूली
एनएचएआई की गाइड लाइन के मुताबिक वाहन चालकों का सफर सुगम बनाने के लिए टोल वसूली होती है। उनसे निर्धारित राशि वसूल कर उससे सड़क की मरम्मत के अलावा साफ सफाई एवं अन्य जरुरी सुविधाएं मुहैया कराई जाती है। इसके सापेक्ष यहां एनएचएआई टोल तो वसूल रही है, लेकिन सुविधा नहीं दे रही है। एनएचएआई के पीडी एसके मिश्रा खुद इस बात को स्वीकार कर रहे है कि टोल का इन सुविधाओं से कोई वास्ता नहीं है।